वाराणसी में 491 प्रशिक्षु महिला आरक्षियों ने पासिंग आउट परेड में लिया हिस्सा, 18 महिला आरक्षी सम्मानित
- परेड के बाद पुलिस टीम का हिस्सा बनी महिला आरक्षी, प्रधानमंत्री मोदी के जनसभा में लगी पहली ड्यूटी
वाराणसी{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश में रिजर्व पुलिस लाइन वाराणसी में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद रविवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में 491 प्रशिक्षु महिला आरक्षियों ने पासिंग आउट परेड में पूरे उत्साह के साथ भागीदारी की। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने परेड का निरीक्षण किया और पहली सलामी ली। इस दौरान लखनऊ में आयोजित परेड में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का लाइव प्रसारण भी पुलिस लाइन मैदान में किया गया। पासिंग आउट परेड में कुल 18 टोलियों में आरक्षी शामिल हुई। परेड के बाद प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रथम परेड कमांडर रेनू, द्वितीय रोशनी गुप्ता और तृतीय रोशनी देवी सहित कुल 18 महिला आरक्षियों को सम्मानित किया गया। पासिंग आउट परेड और शपथ ग्रहण के बाद आरक्षियों ने अपने परिजनों के साथ मैदान पर खुशियां मनाई।
पुलिस आयुक्त ने मोहित अग्रवाल के अनुसार, महिला आरक्षियों को नौ महीने तक बाह्य और आंतरिक सुरक्षा की फिजिकल-पुलिसिंग की ट्रेनिंग दी गई थी। सभी महिला आरक्षियों को विभिन्न थानों पर तैनात किया जाएगा, जहां वे महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ीकरण तथा आमजन की सेवा एवं सहायता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इससे पहले महिला आरक्षियों की पहली ड्यूटी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसभा में लगाई गई है।
पुलिस आयुक्त ने विश्वास जताया कि ये प्रशिक्षु महिला आरक्षी भविष्य में पुलिस विभाग की सशक्त पहचान बनकर समाज में सुरक्षा, विश्वास और सेवा का वातावरण मजबूत करेंगी। पासिंग आउट परेड के दौरान डीसीपी वरुणा एवं लाइन प्रमोद कुमार, डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल, एडीसीपी वैभव बांगर सहित अन्य पुलिस अफसर भी मौजूद रहे।
