आरटीसी दीक्षांत परेड 2026 में दिखा अनुशासन और शौर्य , पुलिस उपमहानिरीक्षक ने ली सलामी

0
87f148d67d70ec87a1459bca81707389

जौनपुर{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश जनपद जौनपुर में रिजर्व पुलिस लाइंस में रविवार को आरटीसी दीक्षांत परेड समारोह में प्रशिक्षु जवानों ने परेड प्रस्तुत कर अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। समारोह के मुख्य अतिथि वैभव कृष्ण (पुलिस उपमहानिरीक्षक, वाराणसी परिक्षेत्र) रहे, जिन्होंने परेड की सलामी ली और जवानों की उत्कृष्ट प्रस्तुति की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण जवानों की शारीरिक क्षमता के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता और सेवा भाव को भी सुदृढ़ बनाता है।
इस अवसर पर कुंवर अनुपम सिंह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर ने भी जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य की जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। परेड के दौरान कदमताल, ड्रिल और विभिन्न दस्तों की आकर्षक प्रस्तुति ने उपस्थित अधिकारियों और दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में गोविंद गुप्ता (क्षेत्राधिकारी लाइंस), आयुष श्रीवास्तव (अपर पुलिस अधीक्षक नगर), प्रतिसार निरीक्षक दीन दयाल दीक्षित एवं आरटीसी प्रभारी राजेश कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। दीक्षांत परेड के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन में अनुशासन और व्यवस्था का बेहतरीन समन्वय देखने को मिला ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *