सापुतारा में मानसून फेस्टिवल शुरू, 29 अगस्त तक चलेगा आयोजन
गांधीनगर। गुजरात के एकमात्र हिल स्टेशन सापुतारा में शनिवार को उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने ‘सापुतारा मानसून फेस्टिवल-2026’ का शुभारंभ किया। 29 अगस्त तक चलने वाले इस फेस्टिवल में पर्यटकों को प्राकृतिक सौंदर्य के साथ आदिवासी संस्कृति, लोककला, स्थानीय व्यंजन और साहसिक गतिविधियों का अनुभव मिलेगा।
उद्घाटन के दौरान संघवी ने कहा कि सापुतारा केवल हिल स्टेशन नहीं, बल्कि डांग की आदिवासी संस्कृति और प्राकृतिक विरासत की पहचान है। पर्यटन स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार का बड़ा माध्यम है। फेस्टिवल से होटल, टैक्सी, गाइड, शिल्पकार, महिला स्वयं सहायता समूह और छोटे कारोबारियों को सीधा फायदा मिलता है।
फेस्टिवल में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ थीम परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकनृत्य, हस्तशिल्प एवं आदिवासी कला कार्यशालाएं, नेचर ट्रेल, रेन डांस और एडवेंचर एक्टिविटीज आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
पिछले साल 14.67 लाख पर्यटक पहुंचे
पर्यटन राज्य मंत्री डॉ. जयराम गामित ने बताया कि वर्ष 2025 में करीब 14.67 लाख पर्यटक सापुतारा पहुंचे थे। मानसून फेस्टिवल के दौरान करीब 2.61 लाख पर्यटक आए, जबकि 1.43 लाख से अधिक लोगों ने बोटिंग का आनंद लिया। करीब 290 स्टॉलों पर स्थानीय हस्तकला और पारंपरिक उत्पादों की बिक्री से 1.57 करोड़ रुपए की आय हुई।
उद्घाटन समारोह के बाद 13 राज्यों के 110 कलाकारों ने राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कोरियोग्राफी पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किए। स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक डांगी नृत्य की प्रस्तुति दी।
