यूपी एसटीएफ और वाराणसी कैंट पुलिस ने 107 किग्रा गांजे के साथ तस्कर को दबोचा

0
88ed17912370f38c94149e68f3a69df0
  • उड़ीसा से लक्जरी शेवरलेट क्रूज कार में अवैध गांजा छुपा वाराणसी ला रहा था

वाराणसी{ गहरी खोज }: स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तर प्रदेश और थाना कैंट पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरप्रांतीय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान इमलिया घाट फुलवरिया क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान आरोपी के कब्जे से 107.140 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 55 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय गिरि (42) पुत्र मंगला गिरि, निवासी मुस्तफाबाद, थाना हलधरपुर, जनपद मऊ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को थाना कैंट में मीडिया के सामने पेश किया।
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) कैंट अपूर्व पांडेय ने बताया कि यह कार्रवाई “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत की गई। उन्होंने बताया कि एसटीएफ को विभिन्न राज्यों से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त गिरोहों की सक्रियता की सूचना मिल रही थी। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ लखनऊ दिनेश कुमार सिंह के निर्देशन में खुफिया जानकारी जुटाई जा रही थी।
सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम और कैंट पुलिस ने संयुक्त रूप से फुलवरिया पुल से लगभग 200 मीटर आगे वाराणसी-जौनपुर हाईवे पर एक संदिग्ध शेवरलेट क्रूज कार को रोका। तलाशी लेने पर वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह उड़ीसा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के मऊ एवं आसपास के जनपदों में सप्लाई करता था। उसने बताया कि वह महीने में लगभग तीन बार इस तरह की खेप लाता था, जिससे उसे अच्छा मुनाफा होता था। बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई थाना कैंट पुलिस द्वारा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *