सम्मोहन कर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार
हरिद्वार{ गहरी खोज }: बुजुर्गों को निशाना बनाकर सम्मोहन के जरिए ठगी करने वाले एक शातिर अपराधी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। घटना 24 अप्रैल 2026 की है, जब एक बुजुर्ग महिला रूड़की सब्जी मंडी से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे बातों में उलझाकर कथित रूप से सम्मोहित कर लिया और उसका बैग लेकर फरार हो गया। बैग में मोबाइल फोन, करीब 6-7 हजार रुपये नकद, पहचान पत्र और घर की चाबियां रखी हुई थीं।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर कोतवाली गंगनहर में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी रुड़की के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित की गई। प्रभारी निरीक्षक मणि भूषण श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और सुरागरसी-पतारसी शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद 26 अप्रैल को कब्रिस्तान मार्ग से एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम सतपाल पुत्र रामशरण निवासी सहारनपुर बताया। उसने स्वीकार किया कि वह बुजुर्ग लोगों को निशाना बनाकर सम्मोहित करता था और उनसे नकदी व कीमती सामान ठग लेता था। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से पीड़िता का सैमसंग मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है।
