पुलिस की गांजा तस्करी पर कार्रवाई ,तीन आरोपित गिरफ्तार

0
9539509f4fed440f3b56cb4d896acdb6

रायगढ़{ गहरी खोज }: छत्तीसगढ़ की रायगढ़ पुलिस द्वारा एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना पूंजीपथरा और थाना पुसौर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए गांजे की अवैध खेप बरामद कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपित फरार है जिसकी तलाश जारी है।
पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में 23 अप्रैल 2026 को मुखबिर सूचना पर ग्राम तुमीडीह महुआ चौक पठान कॉलोनी के पास पुलिस ने दबिश दी, जहां कुछ व्यक्ति I20 कार से गांजा लेकर ग्राहकों की तलाश में बैठे थे। थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपितों खिरोधर यादव निवासी जिला जशपुर और पुरुषोत्तम यादव निवासी ग्राम तुमीडीह को पकड़ा, जबकि एक आरोपित कार क्रमांक CG13BH5917 लेकर मौके से फरार हो गया।
विधिवत तलाशी के दौरान आरोपितों के कब्जे से दो थैलों में कुल 2.728 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत 24,500 रुपये है। साथ ही गांजा बिक्री की 5,000 रुपये नगद रकम भी जब्त की गई। कुल 29,500 रुपये की जप्ती कार्रवाई करते हुए आरोपितों के विरुद्ध धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। फरार आरोपित की पतासाजी और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
“ऑपरेशन आघात” अभियान के तहत कल 25 अप्रैल को थाना पुसौर पुलिस ने मुखबिर सूचना पर ग्राम औरदा डीपापारा चौक में कार्रवाई करते हुए आरोपी साधराम सिदार (71 वर्ष) को गांजा बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार करते हुए रंगे हाथ पकड़ा। थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के निर्देशन में की गई घेराबंदी के दौरान आरोपित के कब्जे से 745 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत 7,450 रुपये है, बरामद किया गया। आरोपित के खिलाफ थाना पुसौर में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *