अंतरराष्ट्रीय योग खिलाड़ी अर्पण ने मुख्यमंत्री से लिया आशीर्वाद

0
2ddce583d6b8a1e5da053b596811e4ac

गोरखपुर{ गहरी खोज }: अंतरराष्ट्रीय योग खिलाड़ी और श्रीलंका में आयोजित योगासन प्रतियोगिता में दो पदक जीतने वाली अर्पण कन्नौजिया ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर के बैठक कक्ष में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंटकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। एकेडमिक ग्लोबल स्कूल, जंगल धूसढ़ में कक्षा 12 की छात्रा अर्पण ने अपने पदक मुख्यमंत्री को दिखाते हुए बताया कि वह चार वर्ष की आयु से ही नियमित रूप से योगाभ्यास कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी इस उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रदान कीं।
सीएम योगी का आशीर्वाद लेने के बाद अर्पण ने बताया कि उनकी इस सफलता में विद्यालय का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। विद्यालय प्रबंधन द्वारा समय-समय पर प्रोत्साहन, मार्गदर्शन और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया गया, जिससे वह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकीं। एकेडमिक ग्लोबल स्कूल के चेयरमैन इं. संजीव कुमार ने कहा कि अर्पण की उपलब्धि न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा को सही दिशा और निरंतर अभ्यास के माध्यम से ही निखारा जा सकता है। विद्यालय हमेशा से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है और आगे भी खेल व योग जैसे क्षेत्रों में छात्रों को प्रोत्साहित करता रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि योग न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाता है, बल्कि मानसिक संतुलन और अनुशासन भी सिखाता है, जो आज के समय में हर विद्यार्थी के लिए आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *