घरेलू गैस सिलेंडरों से कार में अवैध रिफिलिंग, आरोपी गिरफ्तार

0
d12ef528f795bec9f642c625885c49b2

राजगढ़{ गहरी खोज }: मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सुठालिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने घरेलू एलपीजी सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गैस सिलेंडर, रिफिलिंग उपकरण और एक मारुति ओमनी कार सहित करीब 3.70 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया।
थाना प्रभारी अनिल राहौरिया ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नालाझिरी रोड स्थित पशु बाजार के पास अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों से वाहनों में गैस भरी जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां शंभु पिता विक्रम सिंह राजपूत (35) निवासी नालाझिरी रोड, सुठालिया को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी घरेलू एलपीजी सिलेंडर से मोटर की सहायता से मारुति ओमनी कार में गैस भर रहा था। इस दौरान गैस रिसाव के कारण आसपास तेज गंध फैल गई थी, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी।
जांच के दौरान आरोपी से गैस रिफिलिंग संबंधी वैध दस्तावेज और लाइसेंस मांगे गए, लेकिन वह कोई अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन घरेलू गैस सिलेंडर, जिनमें दो खाली और एक भरा हुआ था, गैस रिफिलिंग में उपयोग की जा रही दो मोटर, नोजल तथा सफेद रंग की मारुति ओमनी कार क्रमांक एमपी 04 सीबी 1907 जब्त की।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी अनिल राहौरिया के साथ एएसआई अशोक कटारिया, प्रधान आरक्षक जमुनाप्रसाद साहू, आरक्षक सोनू अहिरवार और दशरथ लोधी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *