देशभक्ति के रंग में रंगा आणंद, 10 हजार से अधिक लोगों ने निकाली तिरंगा यात्रा
आणंद, 14 अगस्त: ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आणंद जिला प्रशासन और करमसद-आणंद महानगर पालिका के संयुक्त आयोजन में शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। वल्लभ विद्यानगर के शास्त्री मैदान से शुरू हुई यात्रा में उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी समेत 10 हजार से अधिक नागरिक, विद्यार्थी, पुलिस जवान, एनसीसी कैडेट्स और विभिन्न संगठनों के लोग शामिल हुए।
यात्रा को उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी सहित मंत्रिमंडल के सदस्यों और जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शास्त्री मैदान से शुरू होकर यात्रा शहीद चौक, भाई काका स्टैच्यू और विद्यानगर रोड होते हुए आणंद टाउन हॉल पहुंची।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे मार्ग को राष्ट्रध्वज और रोशनी से सजाया गया था। बाइक सवार पुलिसकर्मी, घुड़सवार पुलिस, पुलिस बैंड, होमगार्ड, टीआरबी जवान, एनसीसी कैडेट्स, खिलाड़ी और स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुतियां भी दीं।
हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया। उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने बड़ी संख्या में शामिल हुए नागरिकों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
यात्रा में महापौर दीपिकाबेन पटेल, जिला कलेक्टर प्रवीण चौधरी, मनपा आयुक्त आर.एन. डोडिया, पुलिस अधीक्षक गौरव जसाणी समेत प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
