इंडियन बैंक शाहीबाग में निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित
अहमदाबाद। इंडियन बैंक शाहीबाग शाखा, जेसीआई शाहीबाग और वी.आर. हॉस्पिटल, शाहीबाग के संयुक्त तत्वावधान में इंडियन बैंक के 120वें स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार, 13 अगस्त को निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इंडियन बैंक शाहीबाग शाखा परिसर में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से आवश्यक परामर्श प्राप्त किया।
जेसीआई शाहीबाग के पूर्व अध्यक्ष मुकेश आर. चौपड़ा ने बताया कि शिविर का शुभारंभ सुबह 11 बजे हुआ। शिविर का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान करना तथा जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना था।
इंडियन बैंक शाहीबाग शाखा के शाखा प्रबंधक भरत पटेल एवं जेसीआई शाहीबाग के अध्यक्ष सीए अनिल जीवावत ने अतिथियों और नागरिकों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित करने के साथ स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परामर्श के साथ ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच की गई। विभिन्न रक्त एवं अन्य स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी रियायती दरों पर उपलब्ध कराई गई। वी.आर. हॉस्पिटल के फाउंडर एवं जनरल फिजिशियन डॉ. विमल रांका एवं उनकी टीम, बरखा डेंटल क्लिनिक की डॉ. बरखा उद्यानी, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. कांतिलाल जैन, सर्जन डॉ. स्नेह शाह सहित चिकित्सकीय टीम ने सेवाएं प्रदान कीं और सैकड़ों लोगों को स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन दिया।
जेसीआई शाहीबाग के संस्थापक अध्यक्ष जेएफपी अशोक बाफना ने शिविर की सराहना करते हुए आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों और सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने भविष्य में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भी ऐसे जनसेवी स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर शिविर में सेवाएं देने वाले चिकित्सकों एवं हॉस्पिटल टीम का सम्मान कर उनके सेवाभाव के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर इंडियन बैंक के जोनल मैनेजर अहमदाबाद प्रभातरंजन सिन्हा, जेएफपी अशोक बाफना, जेसीआई शाहीबाग अध्यक्ष सीए अनिल जीवावत, शाखा प्रबंधक भरत पटेल, डॉ. विमल रांका, मुकेश चौपड़ा, नरेश हुंडिया, सचिव विमल बागरेचा, कोषाध्यक्ष अंकित कोठारी, प्रोजेक्ट चेयरमैन एवं उपाध्यक्ष मुकेश लुंकड, शाहीबाग काउंसलर माया जैन, गुजरात विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. हितेश पटेल, ट्रैफिक पुलिस स्टेशन के पुलिस सब-इंस्पेक्टर एस.ए. दुर्रानी सहित जेसीआई के सदस्य, बैंक स्टाफ एवं नागरिक उपस्थित रहे।
सेवा, सहयोग और स्वास्थ्य जागरूकता के इस संयुक्त प्रयास ने सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में एक सार्थक पहल प्रस्तुत की।
