स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जाने वालों के लिए राहत, एकतानगर में बजट होटल जल्द
डभोई बाईपास पर निर्माणाधीन नए प्लेटफॉर्म का निरीक्षण करते मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके एवं रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी।
वडोदरा। एकतानगर जाने वाले यात्रियों के लिए रेल सुविधाओं में जल्द बड़ा सुधार देखने को मिल सकता है। वडोदरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने प्रतापनगर–एकतानगर रेलखंड का निरीक्षण कर डभोई बाईपास पर बन रहे नए प्लेटफॉर्म, स्टेशन भवन और एकतानगर में निर्माणाधीन IRCTC बजट होटल के काम की प्रगति का जायजा लिया।
डभोई बाईपास पर प्लेटफॉर्म के साथ नया स्टेशन भवन
डभोई बाईपास पर नए प्लेटफॉर्म का निर्माण किया जा रहा है। इसके शुरू होने के बाद वडोदरा–एकतानगर रेलखंड पर चलने वाली ट्रेनों में डभोई बाईपास से यात्रियों के चढ़ने-उतरने की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही यहां नया स्टेशन भवन भी बनाया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।
ब्रिज नंबर 58 का भी किया सुरक्षा निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने डभोई–एकतानगर रेलखंड के ब्रिज संख्या 58 का सुरक्षा निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एकतानगर में बजट होटल का काम अंतिम चरण की ओर
इसके बाद डीआरएम ने एकतानगर में IRCTC द्वारा बनाए जा रहे बजट होटल का निरीक्षण किया। IRCTC के ग्रुप जनरल मैनेजर गौरव झा ने होटल में विकसित की जा रही यात्री सुविधाओं और निर्माण कार्य की जानकारी दी।
रेल मंत्रालय की निगरानी में तैयार हो रहे इस बजट होटल को एकता दिवस के अवसर पर यात्रियों के लिए शुरू करने की योजना है। होटल शुरू होने के बाद स्टैच्यू ऑफ यूनिटी आने वाले पर्यटकों, श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों को किफायती दरों पर ठहरने की सुविधा मिल सकेगी।
डीआरएम ने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता, सुरक्षा और समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को जल्द बेहतर रेल और पर्यटन सुविधाओं का लाभ मिल सके
