आणंद में खिलाड़ियों के बीच पहुंचे हर्ष संघवी, बैडमिंटन खेलकर बढ़ाया उत्साह
आणंद, 14 अगस्त। गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने शुक्रवार को आणंद में नवनिर्मित जिला खेल परिसर का दौरा किया। करीब ₹22.52 करोड़ की लागत से तैयार इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खिलाड़ियों के लिए कई आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित की गई हैं।
उप मुख्यमंत्री ने परिसर में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया और बैडमिंटन कोर्ट पर युवा खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ खुद बैडमिंटन खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया और खेल गतिविधियों को लेकर उनसे संवाद भी किया।
एक ही परिसर में कई खेलों की सुविधाएं
नवनिर्मित जिला खेल परिसर में इनडोर मल्टीपर्पज हॉल, बैडमिंटन कोर्ट, खो-खो और कबड्डी कोर्ट, सिंथेटिक टेनिस कोर्ट, बास्केटबॉल कोर्ट और हॉकी ग्राउंड जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
इसके अलावा खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा के लिए पार्किंग, आंतरिक सड़क, लैंडस्केपिंग, सिंचाई नेटवर्क, स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज, हाईमास्ट एवं स्ट्रीट लाइट, पेयजल व्यवस्था, सुरक्षा केबिन और अन्य आधारभूत सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।
हर्ष संघवी ने अधिकारियों से कहा कि खेल परिसर का अधिक से अधिक खिलाड़ियों द्वारा उपयोग सुनिश्चित किया जाए और उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर रखरखाव किया जाए।
इस दौरान आणंद जिला प्रभारी मंत्री संजयसिंह महीड़ा, सांसद मीतेशभाई पटेल, विधायक योगेशभाई पटेल, विपुलभाई पटेल और चिरागभाई पटेल सहित प्रशासनिक अधिकारी, खेल विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
