सोने की जगह के विवाद में साधु की हत्या, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

0
2831d35fcf18363c94191017afba4a38

हरिद्वार{ गहरी खोज }: धर्मनगरी हरिद्वार में अज्ञात साधु की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। घटना रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में हुई, जहां सोने की जगह को लेकर विवाद के बाद डंडे और पत्थर से हमला किया गया।
मंगलवार, 21 अप्रैल को चौकी रोड़ीबेलवाला क्षेत्र से सूचना मिली कि दीनदयाल पार्किंग अंडरपास के ऊपर, दो हाईवे के बीच पीपल के पेड़ के पास रहने वाले एक साधु पर एक युवक ने हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां करीब 40-45 वर्षीय साधु गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसके सिर और चेहरे पर गहरे घाव थे। घायल को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान न हो पाने पर पुलिस ने स्वयं वादी बनते हुए अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीमें गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने डिजिटल और मैनुअल दोनों माध्यमों से सुराग जुटाए। पूछताछ में श्रद्धालुओं और यात्रियों ने बताया कि घटना के बाद संदिग्ध युवक को गंगा सभा की अस्थायी पार्किंग की ओर जाते देखा गया था।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल सर्च अभियान चलाया। गंगा सभा की अस्थायी पार्किंग में तलाशी के दौरान एक व्यक्ति पेड़ के नीचे सोता मिला। पूछताछ में वह घबरा गया और रोते हुए माफी मांगने लगा।
उसने अपना नाम दीपक थापा (43), पुत्र रामबहादुर थापा, निवासी ग्राम पुरकोट तमगास, अंचल लुम्बिनी (नेपाल) बताया।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह कुछ दिन पहले चंडीगढ़ से हरिद्वार आया था और रहने का ठिकाना न होने के कारण पार्किंग में ही रहता था। सोने की जगह को लेकर उसका साधु से पहले विवाद हो चुका था, जिससे वह बदला लेने की योजना बना रहा था।
घटना की रात वह कनखल क्षेत्र में एक शादी समारोह में काम करने गया था, जहां उसने नशा किया। वापस लौटने पर साधु से फिर कहासुनी हुई, जो मारपीट में बदल गई। गुस्से में आकर उसने पहले डंडे से हमला किया और डंडा टूटने पर पत्थर से वार कर साधु की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया है। वहीं, मृतक साधु की शिनाख्त के लिए प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *