सरिया से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए नहर में गिरा, तीन लोगों की मौत

0
a8c5bd64b634b91c5123333b77b33b5f

एनएच-39 पर नेमुआ मोड़ के पास दुर्घटना, चार घंटे तक चला रेस्क्यू, कटर से निकालने पड़े शव

सतना{ गहरी खोज }: मध्य प्रदेश के सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-39 पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। यहां सरिया से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए नहर में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक, क्लीनर और एक मजदूर की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना सुबह करीब 8 बजे राहगीरों ने पुलिस को दी। इसके बाद थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसा इतना गंभीर था कि ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा किया, जिसके बाद दो शव बाहर निकाले जा सके। तीसरे व्यक्ति का शव ट्रक की बॉडी में बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे निकालने के लिए कटर मशीन का सहारा लेना पड़ा। पूरा रेस्क्यू अभियान करीब चार घंटे तक चला।
रामपुर बाघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी के अनुसार दो मृतको की पहचान हो चुकी है। इनमें दिलीप केवट पुत्र राजेश केवट, निवासी ग्राम पडरी, जिला मैहर तथा विष्णु केवट पुत्र माखनलाल केवट, निवासी रामगढ़, जिला मैहर शामिल हैं। तीसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी और तहसीलदार सुजीत नागेश भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *