साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, एक महिला की मौत और 12 घायल
श्योपुर{ गहरी खोज }: मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में अगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मेघपुरा गांव के पास बुधवार सुबह एक साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, ग्राम जारला निवासी करीब 25 लोग बुधवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर विजयपुर की ओर जा रहे थे। रास्ते में ग्राम मेघपुरा के पास अचानक साइकिल सवार ट्रैक्टर-ट्रॉली के सामने आ गया। उसे बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलटी खा गया। हादसे के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से कई यात्री उसके नीचे दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रॉली के नीचे से निकालकर विजयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
अगरा थाना प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि हादसे में त्रिवेणी आदिवासी पत्नी श्रीपत आदिवासी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है। शेष घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ना सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रैक्टर-ट्रॉली में क्षमता से अधिक सवारियां बिठाने के कारण यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम अभिषेक मिश्रा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
