गोड्डा के मेहरमा में 1.47 करोड़ की सड़क परियोजना का शिलान्यास
गोड्डा{ गहरी खोज }: झारखंड की ग्रामीण विकास कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने सोमवार को महागामा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मेहरमा प्रखंड में गोड्डा-पीरपैंती एनएच पथ बिरामचक से दियाजोरी बलबड्डा पथ (घोरीचक मोड़ भाया वीरनगर तक) के सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया। लगभग 1.47 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करेगी और ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराएगी।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि सड़क निर्माण के साथ-साथ भुसका पहाड़ पर पार्क निर्माण की योजना भी क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि भगैया ककरघट में विकसित नेचर पार्क की सफलता के बाद अब भुसका पहाड़ को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी की जा रही है।
मंत्री ने कहा कि इस योजना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और पर्यटन को साथ लेकर आगे बढ़ने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
दीपिका पांडेय सिंह ने यह भी बताया कि पंचायत में प्रस्तावित राइस मिल निर्माण की सभी बाधाएं दूर कर ली गई हैं। अगले छह से आठ महीनों के भीतर राइस मिल शुरू होने की संभावना है। इसके शुरू होने से किसानों को धान की बिक्री और प्रसंस्करण में सीधा लाभ मिलेगा तथा उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सड़क, बिजली, पानी, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे बुनियादी क्षेत्रों में लगातार विकास कार्य कर रही है। ग्रामीणों की मांग के अनुरूप छठ घाट, पोखर, पीसीसी सड़क, खेल मैदान और अन्य आधारभूत संरचनाओं का विकास भी प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
