चंद्रनाथ हत्याकांड : इस्तेमाल बाइक का रजिस्ट्रेशन आसनसोल के बर्नपुर का

0
4bb77d00324bab9a256a13c410916cce

आसनसोल{ गहरी खोज }: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या में नया खुलासा हुआ है। चंद्रनाथ की हत्या में उपयोग की गई बाइक का रजिस्ट्रेशन पश्चिम बर्दवान जिले के बर्नपुर इलाके का निकला है।
जांच में सामने आया कि बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर WB44D1990 है। उपलब्ध रजिस्ट्रेशन विवरण के अनुसार बाइक के मालिक का नाम विभाष कुमार भट्टाचार्य बताया गया है। बाइक का रजिस्ट्रेशन पश्चिम बर्दवान आरटीओ में 4 मई, 2012 को हुआ था और इसकी वैधता 2 मई, 2027 तक है। रजिस्ट्रेशन में दर्ज पता – क्वार्टर नंबर AB 7/12, गुरुद्वारा रोड, बर्नपुर, थाना/लैंडमार्क हीरापुर, बर्नपुर, पश्चिम बंगाल दिया गया है। गुरुवार को जब इस पते की जांच की गई तो पता चला कि वहां विभाष कुमार भट्टाचार्य नाम का कोई व्यक्ति नहीं रहता। वर्तमान में उस क्वार्टर में बर्नपुर इस्को कारखाने के कर्मचारी धरमवीर कुमार अपने परिवार के साथ रह रहे हैं।
धरमवीर कुमार ने बताया कि वे वर्ष 2014 से वहां रह रहे हैं और विभाष नाम के किसी व्यक्ति को नहीं जानते। उन्होंने यह भी कहा कि जिस बाइक का नंबर सामने आया है, वह वहां मौजूद नहीं है। उनके पास जो बाइक है उसका रजिस्ट्रेशन नंबर अलग है। इस खुलासे के बाद गुरुद्वारा रोड स्थित एबी टाइप क्वार्टर के निवासी भी हैरान हैं। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि हत्या में इस्तेमाल बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर फर्जी हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *