मातम में बदलीं शादी की खुशियां, यमुना नदी में नाव पलटने से 6 लोग डूबे, तीन शव मिले, 3 लापता

0
full53474

हमीरपुर{ गहरी खोज } : उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के कुरारा क्षेत्र में बुधवार को यमुना नदी में नाव पलटने से लापता हुए छह लोगों में से महिला समेत तीन के शव गुरुवार को बरामद कर लिए गए, जबकि तीन अन्य की तलाश की जा रही है। नाव में कुल नौ लोग सवार थे जिनमें से तीन लोगों को बचा लिया गया था। कुतुबपुर पटिया गांव के पास हुये हादसे के बाद नदी में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ तथा स्थानीय गोताखोरों द्वारा सर्च अभियान जारी है।
मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने बताया कि कुतुबपुर पटिया गांव निवासी देशराज निषाद की नातिन की शादी समारोह के बाद बुधवार शाम कुछ रिश्तेदार यमुना नदी के बीच रेत वाले हिस्से में खरबूजा खाने के लिए नाव से गए थे। वापस लौटते समय नाव में रिंकू, पारुल पुत्री बउआ, रानी (9) पुत्री बच्चन, आकांक्षा (8) पुत्री रामहित निवासी जलाला, वृजरानी (35) पत्नी पप्पू निवासी मनकी, विष्णु निषाद पुत्र रामस्वरूप, उसका पुत्र लव्यांश तथा कानपुर नगर के घाटमपुर निवासी गोरेलाल सवार थे।
बताया गया कि शाम करीब सात बजे जब नाव बीच धारा में पहुंची तो अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और नाव डगमगाने लगी। इससे पहले कि लोग संभल पाते, नाव पलट गई और अधिकांश लोग तेज धारा में बह गए। हादसे में पारुल, रिंकू और नाव चला रहा विष्णु निषाद किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए, जबकि अन्य लोग लापता हो गए। ग्रामीणों ने काफी देर तक अपने स्तर पर खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक तथा जिलाधिकारी अभिषेक गोयल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। गुरुवार दोपहर तक एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से वृजरानी पत्नी पप्पू निषाद, आकांक्षा और रानी के शव बरामद कर लिए। अन्य की तलाश जारी है।
चित्रकूटधाम मंडल के डीआईजी सुरेश एस सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल पहुंचकर बचाव कार्य का जायजा लिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाव चला रहा व्यक्ति शराब के नशे में था और मोबाइल फोन पर बातचीत करने के दौरान नाव का संतुलन बिगड़ गया, जिसके चलते यह हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *