रोहित शर्मा की फॉर्म से सहमी टीमें, सुनील गावस्कर का दावा, हिटमैन बिगाड़ सकते हैं सबका खेल
नई दिल्ली{ गहरी खोज } :भारत और मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा इन दिनों काफी शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। आईपीएल में रोहित शर्मा ने काफी कमाल की बल्लेबाजी की है। ऐसे में पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने कहा कि रोहित शर्मा अब एक नए अवतार में नजर आ रहे हैं। चोट के बाद वापसी करते हुए रोहित ने वानखेड़े स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मात्र 44 गेंदों में 84 रन की पारी खेलकर मुंबई को 229 रन के रिकॉर्ड लक्ष्य तक पहुंचाया। गावस्कर के अनुसार, जब से रोहित कप्तानी के दबाव से मुक्त हुए हैं, उनका पूरा ध्यान अपनी बल्लेबाजी पर केंद्रित हो गया है। गावस्कर ने बताया कि व्हाइट-बॉल क्रिकेट और आईपीएल में कप्तानी से हटाए जाने के बाद से रोहित ने अपनी बैटिंग को प्राथमिकता दी है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज और घरेलू सत्र में अच्छे प्रदर्शन के बाद अब वह आईपीएल में भी उसी फॉर्म को दोहरा रहे हैं। गावस्कर का मानना है कि रोहित अब केवल तेज शुरुआत देने के बजाय पारी को गहराई तक ले जाने की कोशिश कर रहे हैं, जो विरोधी टीमों के लिए सबसे बड़ा खतरा है। लखनऊ के खिलाफ खेली गई पारी में रोहित के क्लासिक शॉट्स की झलक देखने को मिली। गावस्कर ने उनकी बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा कि उनके ट्रेडमार्क पुल शॉट से लेकर कवर्स के ऊपर से लगाए गए ड्राइव तक, सब कुछ नियंत्रण में था।
