कानपुर में फर्जी फर्म बनाकर 1600 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी, पिता-पुत्र गिरफ्तार

0
b0869d04981c1590a2225754ddc6d61b

कानपुर{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के थाना चकेरी क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लोगों के नाम से फर्म बनाकर 1600 करोड़ रुपये से अधिक के लेन-देन वाले बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा किया गया है। यह गिराेह भोले-भाले लोगों के दस्तावेज लेकर उनके नाम से बैंक खाते और फर्म संचालित कर रहा था। कई खातों के जरिए लगातार करोड़ों रुपये का ट्रांजैक्शन किया जा रहा था। इस मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया गया है जबकि मुख्य आरोपित फरार है। मामले में आगे और बड़े खुलासे की संभावना है।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि थाना चकेरी पुलिस, साइबर सेल और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में महताब आलम और उसके पुत्र मासूम अली को गिरफ्तार किया गया। महताब आलम को रामादेवी क्षेत्र से और मासूम अली को जाजमऊ बुरादा ग्राउंड से पकड़ा गया। बीती 24 अप्रैल को निखिल कुमार नामक मजदूर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके आधार और पैन कार्ड का दुरुपयोग कर उसके नाम से फर्जी सिम और जीएसटी नंबर लेकर ‘रवि इंटरप्राइजेज’ नाम से फर्म बनाई गई। इस फर्म के जरिए छह माह में 7,75,07,283 रुपये का लेन-देन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को और भी बड़े खुलासे मिले। आरोपितों ने ‘अल्फिसा इंटरप्राइजेज’ नाम से फर्जी फर्म बनाकर करीब 146 करोड़ रुपये का लेन-देन किया। इसके अलावा ‘आरती इंटरप्राइजेज’ के नाम से एक बीमार महिला के दस्तावेज लेकर फर्म बनाई गई, वहीं ‘राजा इंटरप्राइजेज’ के जरिए भी धोखाधड़ी की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह लोगों को बीमा और अन्य योजनाओं का झांसा देकर उनके दस्तावेज हासिल करता था और फिर उन्हीं के आधार पर बैंक खाते खुलवाकर उनमें अवैध धन का लेन-देन करता था। जांच में कुल 68 बैंक खातों के जरिए करीब 1600 करोड़ रुपये से अधिक का टर्नओवर सामने आया है।
चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई कि कई बैंक खाते ऐसे नामों पर खोले गए थे, जो वास्तव में अस्तित्व में ही नहीं हैं। इसके बावजूद लंबे समय तक इन खातों में भारी लेन-देन होता रहा, लेकिन बैंक स्तर पर कोई हस्तक्षेप नहीं हुआ। डीसीपी ने बताया कि इस गिरोह का मुख्य आरोपित महफूज आलम अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। साथ ही बैंक कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है, और दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *