ड्रीम स्पोर्ट्स ने शेयर ब्रोकिंग क्षेत्र में रखा कदम, ‘ड्रीमस्ट्रीट’ मंच पेश किया

0
sxderwa

नयी दिल्ली{ गहरी खोज }: ड्रीम11 की मूल कंपनी ड्रीम स्पोर्ट्स ने शेयर ब्रोकिंग क्षेत्र में कदम रखा है। कंपनी ने इसके लिए ‘ड्रीमस्ट्रीट’ नामक नया मंच शुरू किया है। कंपनी का उद्देश्य खेल मनोरंजन से आगे बढ़कर देश में बढ़ते खुदरा निवेशक आधार को जोड़ना है। कंपनी ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि यह नया ब्रोकिंग मंच निवेश को सरल बनाने और देश में डीमैट खातों की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से पेश किया गया है।
बयान के अनुसार, इस मंच में कृत्रिम मेधा (एआई), डेटा-आधारित विश्लेषण तथा भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से पंजीकृत शोध विश्लेषकों और निवेश परामर्शदाताओं की सुविधा को एकीकृत किया गया है, ताकि उपयोगकर्ताओं को बेहतर निवेश निर्णय लेने में सहायता मिल सके।
कंपनी के बयान में कहा गया कि शुरुआत में यह मंच शेयरों और एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) में निवेश की सुविधा देगा, जबकि आने वाले सप्ताह में वायदा एवं विकल्प (एफएंडओ) और आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) में निवेश की सुविधा भी शुरू किए जाने की उम्मीद है।
ड्रीमस्ट्रीट के सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राहुल मिर्चंदानी ने कहा कि भारत में बढ़ती आय, वित्तीय साक्षरता में सुधार और स्मार्टफोन के तेज प्रसार के कारण खुदरा निवेशकों के लिए बड़ा अवसर पैदा हो रहा है।
उन्होंने कहा कि डीमैट खातों में उल्लेखनीय वृद्धि के बावजूद बड़ी संख्या में संभावित निवेशक अब भी स्पष्टता और आत्मविश्वास की कमी के कारण बाजार से दूर हैं। कंपनी का उद्देश्य एआई आधारित उपकरणों और सरल निवेश प्रक्रिया के माध्यम से इस अंतर को पाटना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *