वंदे भारत पर पथराव: CCTV ने पहुंचाया आरोपी तक
वडोदरा। यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डालने वाली एक गंभीर घटना में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव करने वाले आरोपी को सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच की मदद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान ओडिशा निवासी रामहरि नाहक के रूप में हुई है, जो वर्तमान में सूरत के अमरोली क्षेत्र में लूम मशीन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत है।
जानकारी के अनुसार, 4 अगस्त को ट्रेन संख्या 20902 गांधीनगर कैपिटल–मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस जब वडोदरा मंडल के गोठांगाम और कोसाड स्टेशनों के बीच से गुजर रही थी, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने कोच C-6 की सीट संख्या 63-64 के पास पत्थर फेंक दिया। घटना में कोच की खिड़की का शीशा टूट गया। हालांकि, किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद अंकलेश्वर स्थित रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान रेलवे ट्रैक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें काले रंग की शर्ट पहने एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया।
तकनीकी विश्लेषण, गुप्त सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर 6 अगस्त को आरपीएफ की टीम ने सयान–गोठांगाम क्षेत्र से संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान रामहरि नाहक के रूप में बताई और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में घटना स्थल की पहचान करते हुए स्वीकार किया कि उसी ने वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थर फेंका था, जिससे कोच का शीशा क्षतिग्रस्त हुआ।
आरोपी का बयान नियमानुसार दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। बाद में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के प्रावधानों के तहत उसे रिहा कर दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
