सीगल इंडिया के संयुक्त उद्यम सीआईएल-सैम को जयपुर मेट्रो से 918 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला
नयी दिल्ली{ गहरी खोज }:बुनियादी ढांचा क्षेत्र की कंपनी सीगल इंडिया लिमिटेड ने रविवार को कहा कि उसके संयुक्त उद्यम सीआईएल-सैम इंडिया को जयपुर मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड से डिजाइन और निर्माण कार्यों के लिए 918.04 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। सीगल इंडिया ने एक बयान में कहा कि सीआईएल-सैम इंडिया को दिए गए इस अनुबंध में जयपुर मेट्रो के फेज-2 विस्तार के तहत 10.8 किलोमीटर के हिस्से में एक ऊंचे वायडक्ट और दस ऊंचे मेट्रो स्टेशनों का डिजाइन और निर्माण शामिल है।
सीआईएल-सैम में सीगल इंडिया की 74 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि शेष 26 प्रतिशत हिस्सेदारी सैम इंडिया बिल्टवेल प्राइवेट लिमिटेड के पास है। बयान में कहा गया कि परियोजना की कुल बोली लागत 918.04 करोड़ रुपये (18 प्रतिशत जीएसटी सहित) है, जिसे 34 महीनों की समय सीमा में पूरा किया जाना है।
सीगल इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक रमनीक सहगल ने बयान में कहा, ”जयपुर मेट्रो फेज-2 के इस पैकेज को हासिल करना सीगल के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, क्योंकि हम सड़कों और राजमार्गों से आगे बढ़कर शहरी गतिशीलता परियोजनाओं में अपने बुनियादी ढांचा पोर्टफोलियो का विविधीकरण कर रहे हैं।”
