आपात स्थिति, प्राकृतिक आपदाओं के लिए सेल ब्रॉडकास्ट चेतावनी प्रणाली शुरू, मोबाइल पर संदेश पहुंचे

0
1258526sd

नयी दिल्ली{ गहरी खोज }: केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को सेल ब्रॉडकास्ट चेतावनी प्रणाली की शुरुआत की, जिसके बाद देशभर में मोबाइल फोन पर चेतावनी संदेश आने लगे। यह प्रणाली आपात स्थिति और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान लोगों को उनके क्षेत्र में तुरंत सतर्क करने के लिए विकसित की गई है। दूरसंचार विभाग ने 29 अप्रैल को इस सेवा के परीक्षण के बारे में नागरिकों को सूचित कर दिया था, ताकि किसी तरह की घबराहट न फैले, और लोगों से ऐसे संदेशों को नजरअंदाज करने की अपील की थी। परीक्षण संदेश में कहा गया, “अत्यंत गंभीर अलर्ट। भारत ने स्वदेशी प्रौद्योगिकी से सेल ब्रॉडकास्ट शुरू किया है। यह एक परीक्षण संदेश है। कोई कार्रवाई आवश्यक नहीं है।” यह अलर्ट देशभर के सभी दूरसंचार नेटवर्क पर भेजा गया, हालांकि चुनाव वाले राज्यों को इससे बाहर रखा गया।
आधिकारिक बयान के अनुसार, यह प्रणाली सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स (सी-डॉट) ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ मिलकर विकसित की है और इसे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में तैयार किया गया है। इस प्रणाली के जरिए आपदा, आपातकाल और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सीधे और तुरंत लोगों के मोबाइल फोन पर भेजी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *