दूसरतलाक की आशंका में सौतन ने साथी के साथ मिलकर नवविवाहिता की हत्या
अररिया{ गहरी खोज } : जिले के बौसी थाना क्षेत्र में दो दिन पहले 27 अप्रैल को घर के बगल में मकई के खेत में एक महिला का हत्या किया हुआ शव बरामद हुआ था। शव की शिनाख्त बौसी थाना क्षेत्र के नंदनपुर वार्ड संख्या 9 निवासी रूबैसा खातून पति मो.सरवर के रूप में की गई थी।मामले को लेकर एसपी के द्वारा गठित विशेष छापेमारी दल ने 48 घंटे के भीतर तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के बाद मामले का खुलासा कर लिया हैं और मामले में दो आरोपितों की गिरफ्तारी की गई है।जिसमें एक मृतका की सौतन 30 वर्षीय मरजीना खातून और दूसरा उनका साथी नंदनपुर वार्ड संख्या 9 निवासी 25 वर्षीय मो. मीनाज उर्फ मिन्हाज पिता मो. इसराफिल है।जानकारी सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस कर दी।
सदर एसडीपीओ ने बताया कि 27 अप्रैल के दोपहर दो बजे नंदनपुर गांव में मकई के खेत में एक महिला का हत्या किया हुआ शव बरामद हुआ था।जिसको लेकर बौसी थाना में कांड संख्या 69/26 दिनांक 27.04.2026 धारा 103(1),61(2),3(5) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था।मामले में एफएसएल टीम के साथ वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान का सहारा विशेष छापामारी दल द्वारा लिया गया जिसके आधार पर मृतका की सौतन मरजीना खातून और हत्याकांड को अंजाम देने में सहयोगी की भूमिका निभाने वाले मो.मीनाज उर्फ मिन्हाज को गिरफ्तार किया गया।
सदर एसडीपीओ ने बताया कि अनुसंधान के क्रम में यह बात सामने आई कि मो.सरवर रूबैसा खातून के साथ दूसरी शादी की थी और वह पहली पत्नी मरजीना खातून को तलाक देने वाला था।जिसकी जानकारी मरजीना को मिलने के बाद उन्होंने अपनी सौतन को रास्ते से हटाने के लिए षडयंत्र रचा और इसमें उन्हें मिन्हाज ने सहयोग किया और इसी प्रतिशोध में घटना को अंजाम दिया गया। छापेमारी दल में बौसी थानाध्यक्ष कुंदन कुमार,अपर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह,एसआई सुदर्शन शर्मा के साथ डीआईयू की टीम शामिल थी।
