पुलिस पर हमला कर रिवाल्वर लूटने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, सर्विस पिस्टल बरामद

0
faf31a10afe3d872bf0a8a454b56eca3

अनूपपुर{ गहरी खोज }: मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के सरई पुलिस चौकी प्रभारी पर हमला कर उनकी रिवाल्वर लूटने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके पास से लूटी गई रिवाल्वर समेत अन्य हथियार बरामद कर लिए हैं। पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान ने शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना 22 अप्रैल को अमगवां ग्राम पंचायत में हुई थी। बकरी चोरी की सूचना पर जब चौकी प्रभारी मंगल दुबे और प्रधान आरक्षक राम प्रसाद मरावी जांच करने पहुंचे, तो वहां मौजूद बदमाशों से उनका विवाद हो गया। खुद को घिरा देख गिरोह के सरगना स्वयं खान ने पुलिस टीम पर पत्थरों से हमला कर दिया और चौकी प्रभारी की रिवाल्वर छीनकर जंगल की ओर भाग निकले थे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी मोबाइल का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे, इसलिए उन्हें ट्रेस करना मुश्किल हो रहा था। पुलिस की कई टीमों ने शहडोल, उमरिया और छत्तीसगढ़ सीमा तक छानबीन की। आखिरकार शुक्रवार- शनिवार की रात अनूपपुर के किररघाट के जंगलों में बाहरी लोगों की मौजूदगी की सूचना मिली, जिसके बाद 5 आरोपितों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपितों में हसन खान, त्वॉय खान, चिराग खान, फिलिम खान सहित एक नाबालिग शामिल हैं। सभी मैहर जिले निवासी हैं। आरोपितों के कब्जे से सर्विस पिस्टल एवं 10 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किया गया हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह परिवार पीढ़ियों से चोरी और लूटपाट की वारदातों में शामिल रहा है। इनके पास से तलवार, 12 इंच लंबे फरसे और अन्य 20 खतरनाक हथियार मिले हैं। इस गिरोह पर हत्या के प्रयास (307), लूट और सरकारी काम में बाधा डालने जैसे कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। यह अलग-अलग जिलों में अस्थायी ठिकाने बनाकर बकरी चोरी और लूट करते थे। गिरफ्तारी के दौरान भागते समय आरोपी घायल भी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। पुलिस अब इन्हें रिमांड पर लेकर अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ करेगी।
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनूपपुर मोती उर रहमान के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनूपपुर एवं एसडीओपी पुष्पराजगढ़ नवीन तिवारी के नेतृत्व में थाना करनपठार,चौकी सरई, थाना रामनगर, थाना बिजुरी, चौकी फुनगा, चौकी वेंकटनगर, चौकी देवहरा, थाना कोतवाली, थाना भालूमाड़ा, यातायात प्रभारी एवं साइबर सेल अनूपपुर की टीम में शामिल रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *