डीसी बनाम पीबीकेएस: दिल्ली कैपिटल्स ने बनाया आईपीएल इतिहास का अपना सबसे बड़ा स्कोर

0
495376db9e45a2c524a42420f05587d9

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: आईपीएल 2026 के 35वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) की भिड़ंत पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के साथ हो रही है। अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 264 रन बनाए। यह डीसी का आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है।
इससे पहले, साल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 4 विकेट गंवाकर 257 रन बनाए थे, जो इस मुकाबले से पहले टीम का लीग में सर्वाधिक स्कोर था। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पाथुम निसांका 7 गेंदों में 11 रन बनाकर अर्शदीप सिंह का शिकार बने। हालांकि, इसके बाद नीतीश राणा और केएल राहुल ने मोर्चा संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए मिलकर 220 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी निभाई। राहुल-नीतीश की यह साझेदारी आईपीएल इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी भी है।
राहुल और नीतीश के आगे पीबीकेएस के गेंदबाज पूरी तरह से बेबस दिखाई दिए। राहुल ने 67 गेंदों में 152 रनों की यादगार पारी खेली। अपनी इस पारी में राहुल ने 16 चौके और 9 गगनचुंबी छ्क्के लगाए। राहुल आईपीएल में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बने। उन्होंने अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड ध्वस्त किया। अभिषेक ने आईपीएल 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हुए 141 रन बनाए थे। राहुल टी20 क्रिकेट में भारत की तरफ से सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज भी बने। उन्होंने इस मामले में तिलक वर्मा को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 2024 में 151 रनों की शानदार पारी खेली थी।
नीतीश राणा भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने महज 44 गेंदों का सामना करते हुए 91 रनों की दमदार पारी खेली। नीतीश ने अपनी इस पारी में 11 चौके और 4 छक्के लगाए। वहीं, डेविड मिलर 3 रन बनाकर नाबाद रहे। पंजाब के सभी गेंदबाजों की जमकर धुनाई हुई। अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 49 रन देकर एक विकेट चटकाया, तो जेवियर बार्टलेट ने 4 ओवर में 69 रन खर्च किए। वहीं, मार्को जानसेन ने बिना कोई विकेट चटकाए 45 रन दिए। राहुल-नीतीश की जोड़ी ने युजवेंद्र चहल को भी निशाने पर लिया और उनके 4 ओवर के स्पेल में 42 रन कूटे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *