निर्माणाधीन पुल का मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण, काम में तेजी लाने के निर्देश

0
e6a7dd5278252235dfbd6e9f72ba8373

देहरादून{ गहरी खोज }: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी रोड स्थित शिव मंदिर के पास निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बारिश से क्षतिग्रस्त हुए पुल के पुनर्निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुल निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि यह पुल देहरादून और मसूरी को जोड़ने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों का आवागमन होता है। ऐसे में यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए दोनों ओर से वैली ब्रिज का निर्माण कार्य तेज गति से किया जा रहा है, जो शीघ्र पूर्ण कर चालू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस स्थान पर स्थायी पुल के निर्माण को प्राथमिकता दी गई है, जिसे आगामी दो से तीन माह के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़क एवं पुल अवसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और विभिन्न क्षेत्रों में कई परियोजनाएं तेजी से क्रियान्वित की जा रही हैं, जिससे दुर्गम क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।
मुख्यमंत्री धामी ने चारधाम यात्रा और आदि कैलास यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक अवसंरचनात्मक कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की नियमित निगरानी एवं समय-समय पर प्रगति समीक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *