गांधीनगर, 8 अक्टूबर 2026। अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए जाने वाले गुजरात के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए गुजरात सरकार द्वारा अत्याधुनिक ‘यात्री निवास’ का निर्माण कराया जा रहा है। करीब ₹80.25 करोड़ की लागत से बनने वाले इस यात्री निवास में श्रद्धालुओं के ठहरने और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था होगी।
गुजरात पर्यटन निगम द्वारा अयोध्या में निर्माणाधीन टाउनशिप में 6,929.28 वर्ग मीटर भूमि पर इस यात्री निवास का निर्माण किया जा रहा है।
308 बेड और 864 लोगों की क्षमता वाला हॉल
यात्री निवास में अलग-अलग श्रेणी के कमरों के साथ कुल 308 बेड की क्षमता होगी। इसके अलावा 864 लोगों की बैठक क्षमता वाला विशाल हॉल भी बनाया जाएगा।
परिसर में रिसेप्शन सेंटर, विजिटर लाउंज, स्मृति वस्तु (Souvenir) शॉप, मल्टीपर्पज हॉल, ऑडिटोरियम, मीटिंग रूम, डाइनिंग एरिया, टेरेस गार्डन, डिजिटल डिस्प्ले और लैंडस्केपिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
एक साल में शुरू होने की उम्मीद
सरकार के अनुसार, यात्री निवास का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और अगले एक वर्ष में इसे गुजरात के श्रद्धालुओं के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है।
अयोध्या में वर्ष 2024 में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। गुजरात सरकार के अनुसार, इसी बढ़ती आवाजाही को ध्यान में रखते हुए अयोध्या में गुजरात के यात्रियों के लिए यह सुविधा विकसित की जा रही है।
यह यात्री निवास गुजरात से अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए ठहरने, भोजन, बैठक और अन्य आवश्यक सुविधाओं वाला एक समर्पित परिसर होगा।
