Gahari Khoj News
शुक्रवार, 18 सितंबर 2026

गुजरात विद्यापीठ का 72वां दीक्षांत समारोह संपन्न, 900 विद्यार्थियों को मिली डिग्री

 अहमदाबाद। गुजरात विद्यापीठ में गुरुवार को 72वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और गुजरात के राज्यपाल एवं विद्यापीठ के कुलाधिपति आचार्य देव…

गुजरात विद्यापीठ का 72वां दीक्षांत समारोह संपन्न, 900 विद्यार्थियों को मिली डिग्री

 

अहमदाबाद। गुजरात विद्यापीठ में गुरुवार को 72वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और गुजरात के राज्यपाल एवं विद्यापीठ के कुलाधिपति आचार्य देवव्रत मौजूद रहे।

समारोह में विद्यापीठ की 7 विद्याशाखाओं के 18 विभागों के 900 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की गई। इनमें 459 छात्र और 441 छात्राएं शामिल हैं। उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों, सामाजिक सेवा, अनुसंधान और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के लिए 11 विद्यार्थियों को कुलाधिपति मंदिर पदक और ध्वज पदक से सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यापीठ की वार्षिक रिपोर्ट का विमोचन भी किया गया।

अमित शाह ने गांधीवादी मूल्यों और खादी पर दिया जोर

मुख्य अतिथि अमित शाह ने गुजरात विद्यापीठ से अपने पुराने जुड़ाव को याद किया। उन्होंने कहा कि वे विद्यापीठ की लाइब्रेरी में घंटों अध्ययन किया करते थे। उनके अनुसार यह परिसर स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रीय शिक्षा की परंपरा से जुड़ी महत्वपूर्ण संस्था है।

उन्होंने कहा कि खादी केवल कपड़ा नहीं, बल्कि गांधीवादी विचार और समाज के अंतिम व्यक्ति की चिंता का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि डिग्री हासिल करने के बाद अपने जीवन के लक्ष्य केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित न रखें, बल्कि देश, समाज और गरीबों के कल्याण से भी जोड़ें।

अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने गांधीजी के विचारों और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में मातृभाषा, कौशल और भारतीय ज्ञान परंपरा के महत्व का भी उल्लेख किया।

राज्यपाल ने विद्यार्थियों को बताए सामाजिक दायित्व

राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने दीक्षांत समारोह को शिक्षा पूरी करने के बाद समाज के प्रति जिम्मेदारी स्वीकार करने का अवसर बताया। उन्होंने तैत्तिरीय उपनिषद का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को माता-पिता का सम्मान, समाज के प्रति जिम्मेदारी और भारतीय संस्कृति से जुड़े रहने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल व्यक्तिगत लाभ नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक ज्ञान और कौशल पहुंचाना भी है। उन्होंने युवाओं से मन, वचन और कर्म में एकरूपता रखते हुए सत्य के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

डिजिटल युग का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने युवाओं से सोशल मीडिया पर सही और गलत जानकारी में अंतर पहचानने की अपील की।

900 डिग्रीधारकों में 63 शोधार्थी

गुजरात विद्यापीठ के कुलपति डॉ. हर्षद पटेल ने बताया कि संस्थान विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सफाई, कताई, खादी, सामूहिक जीवन और सामुदायिक सेवा जैसे जीवन कौशल से भी जोड़ रहा है। विद्यापीठ में देश के 18 राज्यों से आए विद्यार्थियों को 22 भाषाएं सीखने का विकल्प उपलब्ध कराया जा रहा है।

72वें दीक्षांत समारोह में स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और शोध सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी शामिल हुए। इनमें 63 एम.फिल./पीएच.डी. डिग्रीधारक भी हैं।

इस खबर को शेयर करें
गहरी खोज न्यूज़ डेस्क · न्यूज़ डेस्क, Gahari Khoj News

गहरी खोज न्यूज़ का केंद्रीय समाचार डेस्क — देश-दुनिया की हर बड़ी खबर की पुष्टि के बाद, तेज़ और निष्पक्ष रिपोर्टिंग।

और देखें: गहरी खोज न्यूज़ डेस्क →