बेबी रानी मौर्य ने ‘सम्भव 6.0’ अभियान का किया शुभारम्भ

0
da153a21d5df12a9f2f3537c39ea3f48

लखनऊ{ गहरी खोज }: महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री बेबी रानी मौर्य ने गुरूवार को लखनऊ के एक होटल में उत्तर प्रदेश द्वारा मातृ एवं शिशु कुपोषण की समस्या के समाधान तथा पोषण संबंधी सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्रदेशव्यापी ‘सम्भव 6.0’ अभियान का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि मातृ एवं शिशु पोषण में सुधार केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समुदाय, परिवार और विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। ‘सम्भव 6.0’ अभियान के माध्यम से गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, बच्चों की वृद्धि निगरानी, कुपोषित बच्चों की पहचान एवं उपचार तथा पोषण संबंधी व्यवहार परिवर्तन गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
अपर मुख्य सचिव लीना जौहरी ने आश्वस्त किया कि सभी जनपदों से अभियान को मिशन मोड में संचालित करने तथा प्रदेश को कुपोषण मुक्त बनाने के संकल्प को पूर्ण लगन से संचालित कर लक्ष्य पूर्ण किया जाएगा। लीना जौहरी ने बताया कि यह अभियान जुलाई से सितम्बर 2026 तक प्रदेश के सभी 75 जनपदों में संचालित होगा। अभियान का उद्देश्य गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, नवजात शिशुओं तथा छह माह से कम आयु के बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं समुचित देखभाल को सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में अभियान के प्रभावी संचालन, सामुदायिक सहभागिता तथा विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों के माध्यम से कुपोषण की चुनौती का सामना करने की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान ‘सम्भव 5.0’ अभियान (वर्ष 2025) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपदों कानपुर नगर, फर्रुखाबाद, श्रावस्ती, वाराणसी एवं चंदौली के जिला कार्यक्रम अधिकारियों तथा कानपुर नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान अभियान के सफल संचालन, कुपोषण प्रबंधन तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संकेतकों में सुधार हेतु किए गए उल्लेखनीय प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट कार्य करने वाले बाल विकास परियोजना अधिकारियों (CDPO) एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *