देश में ईंधन की आपूर्ति सामान्य, 13 मई को एलपीजी टैंकर के विशाखापत्तनम पहुंचने की उम्मीद : केंद्र

0
2b382f360d660688ac42b67c47464d3c

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: केंद्र सरकार ने रविवार को कहा कि देश में एलपीजी की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है और शनिवार को लगभग 47.7 लाख एलपीजी सिलिंडरों की बुकिंग हुई और करीब 47 लाख सिलिंडर डिलीवर किए गए। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बयान में कहा कि मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति के बावजूद, सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि घरेलू एलपीजी, घरेलू पीएनजी और सीएनजी (परिवहन) के लिए 100 प्रतिशत आपूर्ति की जा रही है। नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की खरीदारी घबराहट में न करें, क्योंकि सरकार पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
साथ ही कहा कि अफवाहों से सावधान रहें और सही जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें। मंत्रालय ने आगे बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने 3 अप्रैल, 2026 से अब तक 5 किलोग्राम के एफटीएल सिलिंडरों के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए 10,100 से ज्यादा शिविर आयोजित किए, इस समयावधि में 5 किलोग्राम के लगभग 1,75,000 एफटीएल सिलिंडर बेचे गए। साथ ही कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने अप्रैल, 2026 से 11,082 मीट्रिक टन ऑटो एलपीजी की बिक्री की है।
सरकार ने आगे कहा कि एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी पर नियंत्रण लगाने के लिए देशभर में प्रवर्तन अभियान जारी हैं। कल देशभर में 1900 से अधिक छापे मारे गए। तेल विपणन कंपनियों ने औचक निरीक्षणों की संख्‍या बढ़ाई है और 349 एलपीजी वितरकों पर जुर्माना लगाया है और कल तक 74 एलपीजी वितरकों को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा, मंत्रालय ने कहा कि मार्शल द्वीप के ध्वज वाला एलपीजी वाहक पोत एमटी सर्व शक्ति भारत के लिए 46,313 मीट्रिक टन तरल पेट्रोलियम गैस के साथ कल होर्मुस की खाड़ी को सुरक्षित पार कर गया, इसके 13 मई, 2026 को विशाखापत्तनम पहुंचने की उम्मीद है। इससे देश की एलपीजी आपूर्ति में बढ़ोतरी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *