नीट-यूजी 2026 परीक्षा को लेकर पुलिस के पुख्ता प्रबंध: एसपी

0
2ab56b547c977aefb45f52b0dee1d21a

सिरसा{ गहरी खोज }: सिरसा के पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि नीट-यूजी 2026 परीक्षा को नकल रहित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। एसपी ने बुधवार को बताया कि आगामी तीन मई को आयोजित होने वाली परीक्षा के मद्देनजर सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाना ही पुलिस की पहली प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर सख्ती बरती जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 लागू की गई है, जिसके तहत परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष प्रतिबंध लगाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस क्षेत्र में यदि कोई संदिग्ध या शरारती तत्व पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के दायरे में हथियार ले जाना, वाहन पार्किंग, वाई-फाई उपकरणों का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की गहन जांच की जाएगी। परीक्षा केंद्रों की छतों पर भी पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी ताकि आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। पुलिस अधीक्षक ने सभी ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें। परीक्षा के चलते 500 मीटर के दायरे में फोटोस्टेट की दुकानें और कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *