बल्ले और गेंद के बीच बराबरी का मुकाबला होना चाहिए: होल्डर

0
64fb4bab082eb971785d576dd38051aa

चेन्नई{ गहरी खोज }: रनों की बरसात वाले इस सत्र में बल्ले और गेंद के बीच सही संतुलन की वकालत करते हुए गुजरात टाइटन्स के तेज गेंदबाज ऑलराउंडर जेसन होल्डर ने कहा कि चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) पर उनकी जैसी शानदार जीत वाले मुकाबले ज्यादा संतोषजनक होते हैं क्योंकि ये गेंदबाजों को भी खेल में वापस लाते हैं। इस सत्र में जहां 200 से ज्यादा का स्कोर बनाना आम बात हो गई है, वहीं रविवार दोपहर यहां हुए मैच में टाइटन्स का सीएसके को सात विकेट पर 158 रन पर रोकने का शानदार प्रयास था। होल्डर ने अपनी टीम की आठ विकेट की जीत के बाद कहा, ‘‘यह थोड़ा अजीब है। कल आपने देखा कि 264 और 228 रन का पीछा किया गया। और फिर आज हमने उन्हें 158 रन पर रोक दिया। एक क्रिकेट प्रेमी के तौर पर, आप बस बल्ले और गेंद के बीच बराबरी का मुकाबला देखना चाहते हैं। ’’
कागिसो रबाडा ने 25 रन देकर तीन विकेट झटककर शानदार गेंदबाजी की जिससे गुजरात टाइटन्स ने छोटे से लक्ष्य का पीछा 16.4 ओवर में ही कर लिया। होल्डर ने चार ओवर में सिर्फ 22 रन दिए लेकिन कोई विकेट नहीं लिया। उन्होंने कहा कि रबाडा और बाकी गेंदबाजों के लिए योजना बहुत सीधी थी। उन्होंने कहा, ‘‘ रबाडा के लिए मेरा संदेश सीधा था, बस अच्छी लेंथ पर गेंद डालते रहो और बहुत छोटी गेंद फेंकने से बचो। कागिसो एक विश्व-स्तरीय गेंदबाज हैं और आज उन्होंने यह साबित भी कर दिया। ’’ उन्होंने मैच की शुरुआत में ही माहौल बनाने का श्रेय रबाडा और मोहम्मद सिराज को दिया।
होल्डर ने कहा, ‘‘रबाडा और सिराज ने जबरदस्त प्रदर्शन किया और शुरुआत में ही विरोधी टीम के लिए काफी मुश्किलें खड़ी कर दीं। जब आप बेहतरीन गेंदबाजी के सामने एक बड़ा स्कोर बनाने की कोशिश कर रहे होते हैं तो यह हमेशा ही एक मुश्किल काम होता है। ’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *