दिल्ली पुलिस ने कपिल सांगवान गिरोह से जुड़े हथियार सप्लायर को किया गिरफ्तार

0
202604263764884

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: दिल्ली में संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी-गैंगस्टर स्क्वाड (एजीएस) ने कुख्यात गैंग से जुड़े एक हथियार सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध हथियार और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय आदित्य मिश्रा के रूप में हुई है, जो कुख्यात कपिल सांगवान नंदू गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है। यह कार्रवाई द्वारका के पोचनपुर गांव के पास यूईआर-II रोड पर की गई।
क्राइम ब्रांच की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, आरोपी को खुफिया सूचना के आधार पर पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद उसके खिलाफ दिल्ली क्राइम ब्रांच थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर नंबर 75/26 दर्ज की गई।
पुलिस के अनुसार, कपिल सांगवान उर्फ नंदू दिल्ली के द्वारका-नजफगढ़ इलाके का कुख्यात गैंगस्टर है, जो फिलहाल विदेश में रहकर अपने नेटवर्क को संचालित कर रहा है। उसका गैंग एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म्स के जरिए आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता है और उस पर जबरन वसूली, अवैध हथियार सप्लाई समेत कई गंभीर आरोप हैं।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने तुरंत उसे काबू कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी के बताने पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई में एक और सिंगल शॉट पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और एक ब्लैंक गन भी बरामद की।
पूछताछ में आदित्य मिश्रा ने गैंग से जुड़े जबरन वसूली के मामलों में अपनी भूमिका भी कबूल की है। बताया गया है कि वह गैंग के कहने पर पीड़ितों से सीधे संपर्क करता था और उन पर पैसे देने के लिए दबाव बनाता था। कई मामलों में उसने बड़ी रकम इकट्ठा करने में भी मदद की।
क्राइम ब्रांच ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में की गई और दिल्ली में संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। पुलिस लगातार ऐसे गैंग से जुड़े लोगों पर नजर रख रही है, जो दिल्ली और आसपास के राज्यों में सक्रिय हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है, और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर पूरे गिरोह की कमर तोड़ने की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *