अदाणी ग्रीन 10 गीगावाट-घंटा बैटरी भंडारण जोड़ने के लिए 15,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी
नयी दिल्ली{ गहरी खोज }: अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) चालू वित्त वर्ष में 10 गीगावाट-घंटा (जीडब्ल्यूएच) से अधिक की बैटरी ऊर्जा भंडारण क्षमता जोड़ने के लिए लगभग 15,000 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना बना रही है। कंपनी का यह कदम भारत के तेजी से बदलते ऊर्जा परिदृश्य के बीच भरोसेमंद और वितरण योग्य स्वच्छ बिजली की दिशा में एक बड़ा बदलाव है।
कंपनी ने अपने वित्तीय नतीजों पर चर्चा के दौरान कहा कि यह प्रस्तावित विस्तार लगभग तीन गीगावाट-घंटा की उस स्थापित भंडारण क्षमता के अतिरिक्त होगा, जिसे कंपनी जल्द ही हासिल करने की उम्मीद कर रही है। इससे पहले वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 1.4 गीगावाट-घंटा क्षमता चालू की गई थी।
ये बैटरियां गुजरात के खावड़ा में नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन के साथ विकसित की जा रही हैं, जहां एजीईएल दुनिया का सबसे बड़ा नवीकरणीय ऊर्जा पार्क बना रही है। इन भंडारण प्रणालियों का उद्देश्य शाम के समय मांग के चरम पर होने पर बिजली की आपूर्ति करना है, जब सौर उत्पादन कम हो जाता है।
कंपनी के कार्यकारी निदेशक सागर अदाणी ने कहा, ”हम बैटरियों के लिए अपनी क्षमता वृद्धि को बहुत महत्वपूर्ण रूप से बढ़ाने की प्रक्रिया में हैं। वित्त वर्ष 2026-27 में 10 गीगावाट-घंटा से अधिक क्षमता चालू करने की उम्मीद हैं।” उन्होंने आगे कहा, ”वित्त वर्ष 2025-26 में हमने 1.4 गीगावाट-घंटा क्षमता जोड़ी और हमें उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में हम खावड़ा में तीन गीगावाट-घंटा स्थापित क्षमता के आंकड़े तक पहुंच जाएंगे।”
