मील का पत्थर बनेगा पीजीआई में यूपी का पहला सफल हृदय प्रत्यारोपण: ब्रजेश पाठक

0
61ae5d325cc295f93a5f433480b30f6e

लखनऊ{ गहरी खोज }: संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान लखनऊ में उत्तर प्रदेश का पहला सफल हृदय प्रत्यारोपण भविष्य में मील का पत्थर साबित होगा। यह उपलब्धि न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है और आने वाले समय में पीजीआई देश-दुनिया में चिकित्सा के क्षेत्र में मार्गदर्शक बनेगा। यह बातें प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गुरुवार को संस्थान परिसर में आयोजित ऑपरेशन में शामिल टीम के सम्मान समारोह में कही उन्होंने कहा कि पीजीआई की प्रगतिशील कार्यशैली और चिकित्सकों की मेहनत से यह संभव हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि संस्थान जल्द ही चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि यहां की सेवाओं पर प्रदेश के साथ-साथ बिहार, नेपाल और आसपास के राज्यों के मरीज भी भरोसा करते हैं, जो पीजीआई की गुणवत्ता का प्रमाण है। सरकार द्वारा व्यवस्था में लगातार सुधार किया जा रहा है। प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को उच्चस्तरीय एवं गुणवत्तापरक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि सरकार द्वारा अस्पताल में बेड की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है। विशेष रूप से क्रिटिकल केयर और आईसीयू बेड्स की उपलब्धता पर ध्यान दिया जा रहा है। इमरजेंसी सेवाओं और ट्रॉमा सेंटर की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में भी पीजीआई ने बेहतर प्रदर्शन किया है।
किसी भी मरीज को न हो परेशानी उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि किसी भी मरीज को संसाधनों के अभाव में परेशानी न हो। इसके लिए जो भी परियोजनाएं संस्थान द्वारा भेजी जाएंगी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संस्थान द्वारा प्रस्तुत क्वालिटी केयर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े प्रोजेक्ट्स को भी स्वीकृति प्रदान कर दी गई है और इन्हें धरातल पर लागू करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार हर स्तर पर पीजीआई के साथ खड़ी है और संस्थान को देश में नंबर एक बनाने के लिए हर संभव संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि सभी मिलकर संकल्प लें तो पीजीआई न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का सर्वोच्च केंद्र बन सकता है।
इस अवसर पर निदेशक प्रो० राधा कृष्ण धीमान, अपर प्रमुख सचिव, चिकित्सा शिक्षा विभाग अमित घोष, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो० देवेंद्र गुप्ता, विभागाध्यक्ष, सी०वी०टी०एस० डॉ० एस०के० अग्रवाल, विभागाध्यक्ष, कार्डियोलॉजी, एस०जी०पी०जी०आई० प्रो० आदित्य कपूर, एनेस्थीसिया विभाग, एस०जी०पी०जी०आई० से प्रो० पुनीत गोयल एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *