गांजा के साथ कार सवार 2 आराेपित गिरफ्तार
कोंडागांव{ गहरी खोज }: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में एक कार से 115.214 किलोग्राम गांजा बरामद कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।आरोपितों के विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही उपरांत आज मंगलवार काे न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
कोंडागांव जिले की केशकाल पुलिस से मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मटमैला(ग्रे)रंग की महिंद्रा एक्सयूव्ही 500 कार क्रमांक आरओ- 14 – यूएफ 2337 में कुछ लोग अवैध मादक पदार्थ गांजा छिपा कर ओडिशा से रायपुर की ओर जगदलपुर केशकाल के रास्ते से जाने वाले है। सूचना पर थाना थाना केशकाल के सामने एमसीपी लगाकर एक्सयूव्ही 500 क्रमांक आरओ- 14 – यूएफ 2337 काे रोका गया। उक्त कार में 2 व्यक्ति सूरज सिंह राठौड़ एवं पंकज पूरी गोस्वामी निवासी भीलवाड़ा राजस्थान सवार थे । कार की तलाशी लेने पर 53 पैकेट गांजा कुल वजन 115.214 किलोग्राम बरामद कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। सम्पूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी विकास बघेल उप निरीक्षक कवल सिंह सोरी , उप निरीक्षक प्रेमनाथ बघेल ,सहायक उप निरीक्षक रामकृष्ण जैन ,प्रधान आरक्षक ईश्वर नेताम ,प्रधान आरक्षक अरुण मंडावी, सदा नेताम, गोपनीय सैनिक आत्मानंद कुलदीप इत्यादि का याेगदान रहा।
