तमबोरा ज्वालामुखी में विस्फोट के कारण करीब एक लाख लोगों की मौत
नयी दिल्ली{ गहरी खोज }: इंडोनेशिया के इतिहास में 17 अप्रैल के दिन को किसी बुरे सपने की तरह याद किया जाता है। वर्ष 1815 में 17 अप्रैल को इंडोनेशिया का तमबोरा ज्वालामुखी धमाके के साथ फटा। देश के सुमबवा द्वीप पर स्थित यह ज्वालामुखी सैकड़ों साल से शांत पड़ा था, लेकिन पांच अप्रैल को इसमें अचानक से कंपन होने लगा और 17 अप्रैल को इसमें भयंकर विस्फोट हुआ। इस घटना में लगभग एक लाख लोग मारे गए थे।
17 अप्रैल 2025 को भारतीय पर्वतों, नदियों और रेलमार्गों पर अपने लेखन के लिए स्कॉटिश मूल के मशहूर यात्रा वृत्तांत लेखक बिल ऐटकेन का देहरादून में 90 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वर्ष 1934 में स्कॉटलैंड में जन्मे ऐटकेन ने 1950 के दशक के अंत में भारत आने के बाद खासकर कौसानी और मिर्तोला के हिमालयी आश्रमों में और उसके आसपास के क्षेत्रों समेत पूरे भारत की यात्रा की। दो दर्जन से ज्यादा यात्रा पुस्तकों में ऐटकेन ने भारत के धार्मिक और प्राकृतिक परिदृश्यों का उल्लेख किया और यहां के लोगों व उनकी मान्यताओं के बारे में काफी लेखन किया। उन्हें भारतीय रेलवे में भी गहरी दिलचस्पी थी।
“सेवन सेक्रेड रिवर्स”, “डिवाइनिंग द डेक्कन – ए मोटरबाइक टू द हार्ट ऑफ इंडिया”, “फुटलूज इन द हिमालया”, “द नंदा देवी अफेयर”, “एक्सप्लोरिंग इंडियन रेलवेज”, “माउंटेन डिलाइट”, “ट्रैवल्स बाय ए लेसर लाइन”, “जांस्कर” और “1000 हिमालयन क्विज” उनकी कुछ उल्लेखनीय कृतियां हैं।
देश-दुनिया के इतिहास में 17 अप्रैल की तारीख पर दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1815 : इंडोनेशिया के सुमबवा द्वीप पर तमबोरा ज्वालामुखी में विस्फोट से लगभग एक लाख लोगों की मौत।
1941 : द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान यूगोस्लाविया ने जर्मनी के समक्ष समर्पण किया।
1946 : सीरिया ने फ्रांस से आजादी मिलने की घोषणा की।
1971 : मिस्र, लीबिया और सीरिया ने मिलकर ‘यूनाइटेड अरब स्टेट’ बनाने के लिए संघ का गठन किया।
1975 : भारत के दूसरे राष्ट्रपति एस. राधाकृष्णन का निधन।
1982 : कनाडा ने संविधान अपनाया।
1983 : एसएलवी 3 रॉकेट ने दूसरे रोहिणी उपग्रह को पृथ्वी की निकट कक्षा में स्थापित किया।
1993 : अंतरिक्ष यान एसटीएस-56 डिस्कवरी धरती पर वापस लौटा।
2006 : सूडान के रवैये के कारण चाड अफ्रीकी संघ शांति वार्ता से हटा।
2007 : दक्षिण कोरिया को 2014 के एशियाई खेलों की मेजबानी मिली।
2008 : भारत और ब्राजील के बीच चार महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।
2014 : प्रसिद्ध कोलंबियाई उपन्यासकार गैब्रिएल गार्सिया मार्केज का निधन।
2018 : नेपाल में भारतीय वाणिज्य दूतावास कार्यालय के बाहर बम विस्फोट, कोई हताहत नहीं।
2021 : फिल्म कलाकार, हास्य अभिनेता, पार्श्वगायक और सामाजिक कार्यकर्ता विवेक का निधन।
2024 : यूक्रेन के चेर्निहाइव में रूसी मिसाइल हमले में 17 लोगों की मौत।
2025 : भारतीय पर्वतों, नदियों और रेलमार्गों पर अपने लेखन के लिए स्कॉटिश मूल के मशहूर यात्रा वृत्तांत लेखक बिल ऐटकेन का देहरादून में 90 वर्ष की उम्र में निधन।
