इरविन खन्ना संपादकीय { गहरी खोज }: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इग्लैंड के बीच टी-20 वर्ल्डकप के सेमीफाइनल मैच क्रिकेट इतिहास में हमेशा के लिए एक मील पत्थर के रूप में देखा जाएगा। भावी पीढियों के लिए यह हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा। भारत और इंग्लैंड दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बहुत शानदार खेल का प्रदर्शन किया। दोनों टीमों में से एक को तो हारना था। हार इंग्लैंड की झोली में पड़ी और भारत ने यह मैच सात दौड़ों से जीतकर चौथी बार फाइनल में पहुंचने का एक नया रिकार्ड भी बना लिया है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए। 254 रन चेज कर रही इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 246 रन ही बना सकी। जैकब बेथेल ने 48 बॉल पर 105 रन की पारी खेली। लेकिन, अपनी टीम को फाइनल में नहीं पहुंचा सके। संजू सैमसन की 89 रन की जांबाज पारी की मदद से भारत ने दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 7 विकेट पर 20 ओवर में 253 रन बनाए। यह टी-20 विश्वकप में नॉकआउट दौर का सबसे बड़ा स्कोर था। मैच 18वें व 19वें ओवर तक रोमांचकारी रहा। बुमराह और हार्दिक पांड्या द्वारा किए ओवरों में जब रन रेट का लक्ष्य इंग्लैंड बनाये रखने में असफल रहा तब स्पष्ट हो गया था कि अब 20वें ओवर में भारत द्वारा दिए लक्ष्य तक इंग्लैंड नहीं पहुंच सकता, इससे पहले क्षेत्ररक्षण में अक्षर पटेल ने कमाल किया था, जिसका लाभ टीम को मिला। मैच कितना रोमांचकारी रहा वह आप नीचे दिए तथ्यों से समझ सकते हैं। सर्वाधिक छक्के : भारत ने 19 छक्के लगाए अपनी पारी में। यह वर्ल्ड कप में किसी टीम द्वारा मैच में संयुक्त सर्वाधिक । दो बार 250+; भारत वर्ल्ड कप में दो बार 250+ टोटल बनाने वाली इतिहास में पहली टीम बनी। दोनों इसी सीजन में। सबसे बड़ा स्कोर; 253 रन टी20 वर्ल्ड कप इतिहास के नॉकआउट मुकाबले में किसी भी टीम का सबसे बड़ा स्कोर है। सबसे बड़ी पारी; सैमसन के 89 रन वर्ल्ड कप नॉकआउट में भारतीय बल्लेबाज का संयुक्त रूप से सबसे बड़ा स्कोर। कोहली ने 2016 में वेस्ट इंडीज के खिलाफ 89 रन बनाए थे। सबसे बड़ी साझेदारी; सैमसन-इशान ने 97 रन जोड़े दूसरे विकेट के लिए। वर्ल्ड कप नॉकआउट में हमारी रिकॉर्ड साझेदारी। रनों का अंबार लगा; 499 रन बनाए दोनों टीमों ने इस मुकाबले में। यह वर्ल्ड कप मैच में सर्वाधिक रन का रिकॉर्ड। सबसे ज्यादा बाउंड्रीज; 73 बाउंड्रीज लगाए दोनों टीमों के बल्लेबाजों ने मुकाबले में। यह वर्ल्ड कप मैच में सर्वाधिक । सबसे आक्रामक बैटर; सैमसन 16 छक्के लगा चुके इस वर्ल्ड कप में। यह भारत के लिए एक संस्करण में सर्वाधिक । ‘सिक्सर किंग’ टीम; भारत 88 छक्के लगा चुका है। यह मेगा इवेंट के एक एडिशन में किसी टीम के सर्वाधिक छक्के। 34 छक्के लगे इस मुकाबले में। यह वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा। अब 8 मार्च को अहमदाबाद में होने वाले फाइनल मैच जिसमें भारत का न्यूजीलैंड के साथ मुकाबला है, पर सभी की आंखें लगी हैं। अगर न्यूजीलैंड से मैच भारतीय टीम जीतती है तो यह घर में खिताब जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी। न्यूजीलैंड टी-20 वर्ल्ड कप में भारत से कभी हारा नहीं। 8 मार्च को होने वाले फाइनल में अगर भारत जीतता है तो यह भारत की इतिहासिक जीत होगी।