हत्या के मामले में फरार आरोपित अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार
जींद{ गहरी खोज }: जिला पुलिस द्वारा अपराध एवं अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डिटेक्टिव स्टॉफ जींद की टीम ने पजांब में हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपित से दो अवैध हथियार व 11 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। डिटेक्टिव स्टाफ जींद के इंचार्ज उप निरीक्षक कमल सिंह ने शुक्रवार को बताया कि उनकी एक टीम मुख्य सिपाही विजय के नेतृत्व में रामराये नहर पुल पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक जिसने काले रंग की जींस व लाल रंग का कोट पहन रखा है, अपने बैग में अवैध हथियार लेकर किसी वारदात की फिराक में खड़ा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची एक युवक पुलिस वाहन को देखकर तेज कदमों से गांव रामराये की तरफ चलने लगा। पुलिस ने तत्परता से युवक को काबू कर लिया। पुलिस पूछताछ में युवक की पहचान कपूरथला (पंजाब) निवासी विक्रमजीत के रूप में हुई। आरोपित की तलाशी लेने पर उसके बैग से दो देशी पिस्तोल, 11 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुछताछ के दौरान आरोपित के खिलाफ थाना शहर कपूरथला (पंजाब) में हेमंत प्रीत कौर वासी कपुरथला (पंजाब) की हत्या की थी। जिसके संबध में थाना शहर कपूरथला में हत्या का मुकद्दमा दर्ज है। इस मामले में विक्रमजीत दो माह से फरार चल रहा था। पुलिस विक्रमजीत से पूछताछ कर रही है। एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि जींद पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अवैध हथियार संबंधी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
