उत्पाद विभाग ने मुज़फ्फरपुर–समस्तीपुर में 4,871 लीटर विदेशी शराब की जब्त, दो आरोपित गिरफ्तार

0
ede6a7a2ceb513ca60300c535c2413a6

पटना{ गहरी खोज }: बिहार के मुज़फ्फरपुर और समस्तीपुर जिलों में उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 4,871 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों मामलों में उत्पाद विभाग की ओर से अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
मुज़फ्फरपुर जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सहायक आयुक्त मद्य निषेध, मुज़फ्फरपुर विजय शेखर दुबे के पर्यवेक्षण में की गई छापेमारी के दौरान एक 12 चक्का ट्रक से कुल 430 कार्टून विदेशी शराब, लगभग 3,800 लीटर, बरामद की गई। यह कार्रवाई मुज़फ्फरपुर शहर से करीब 45 किलोमीटर दूर मैती टोल प्लाज़ा के समीप एक लाइन होटल के पास की गई।
जब्त किया गया ट्रक राजस्थान पंजीकरण का बताया जा रहा है। तलाशी के दौरान ट्रक के भीतर अत्यंत सुनियोजित तरीके से बनाए गए एक गुप्त तहखाने का खुलासा हुआ, जिसे भारी वजन के सीमेंट से बने मजबूत पिलरों द्वारा सील किया गया था। इसकी मजबूत संरचना के कारण इस गुप्त चैम्बर की पहचान करना और उसे खोलना बेहद कठिन था, जिससे तस्करों की पेशेवर और योजनाबद्ध कार्यशैली सामने आई है।
छापेमारी के दौरान ट्रक से शराब की बड़ी खेप के साथ दो व्यक्तियों को मौके से गिरफ्तार किया गया। उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
दूसरी कार्रवाई में समस्तीपुर जिले से एक बोलेरो पिकअप वाहन को जब्त किया गया है। वाहन की तलाशी के दौरान उसमें कुल 1,071 लीटर विदेशी शराब लदी हुई पाई गई। इस मामले में भी वाहन को कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि राज्य में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू किया जा रहा है और शराब तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध शराब कारोबार से संबंधित किसी भी सूचना को तुरंत प्रशासन के साथ साझा करें, ताकि इस तरह की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *