एटीएम से छेड़छाड़ कर पैसे निकलने वाला गिरफ्तार
संभल{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश के संभल जिले की चंदौसी कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को एटीएम से छेड़छाड़कर पैसे निकालने वाले शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि यह पूरा मामला जनपद संभल के चंदौसी कोतवाली क्षेत्र स्थित इंडिया वन एटीएम से जुड़ा है। 27 जनवरी की सुबह करीब 09 बजे कंपनी के सीआरए दीपांशु एटीएम का निरीक्षण करने पहुंचे थे। जांच के दौरान एटीएम के कैश डिस्पेंसर में स्टील की पट्टी लगी मिली, जिससे नकदी निकासी बाधित हो रही थी। इसकी सूचना कंपनी के उच्च अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से एटीएम को आम जनता के लिए बंद कर दिया गया। कंपनी ने थाना पुलिस को शिकायत देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में 27 जनवरी की सुबह एक युवक छेड़छाड़ करता हुआ कैद हुआ था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और उत्तराखंड के लंढोरा निवासी आदित्य को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से पुलिस को स्टील की पटियां, टेप, प्लास्टिक शीट, दस्ताने, एक ब्लेड, कटर, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड तथा उन्नीस सौ रुपये नकद बरामद हुआ हैं। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार युवक इससे पहले भी सहारनपुर से ऐसे ही मामले में जेल जा चुका हैं। अभियुक्त के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया। साथ ही एसपी ने एटीएम का इस्तेमाल करते वक्त लोगों से सचेत रहने की अपील भी की।
