वाराणसी में बैंक यूनियनों के हड़ताल का व्यापक असर,पांच दिनों के वर्किंग डे की मांग
वाराणसी{ गहरी खोज }: इंडियन बैंक ऑफिसर फेडरेशन, यूनाइटेड फोरम ऑफ़ बैंक यूनियंस, यूपी बैंक इम्पलाइज यूनियन सहित नौ बैंक यूनियनों की तरफ से एक दिवसीय बैंक हड़ताल का मंगलवार को व्यापक असर वाराणसी में दिखाई पड़ा। जिले में बैंक यूनियनों से जुड़े कर्मचारियों ने ब्रांचों के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान बैंक पहुंचे लोगों को बेहद असुविधा हुई। लोगों ने बैंक कर्मचारी यूनियनों को कामकाज से दूर रहने पर नाराजगी जाहिर की। यूपी बैंक इम्पलाइज यूनियन की वाराणसी इकाई के अध्यक्ष रामबिशुन ने कहा कि जनपद में तमाम बैंक के ब्रांचों के बाहर आज प्रदर्शन किए जा रहे हैं। सुबह से ही बैंक कर्मचारी अपनी मुख्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। हमारी दो मुख्य मांगें हैं, जिनमें पहले पांच दिनों का वर्किंग डे करने की मांग है। इसके साथ साथ और भी कई मांगे हैं। उन्हाेंने बताया कि वर्ष 2015 से पांच दिनों का वर्किंग डे की मांग हमारी पूरी नहीं हो सकी है, जिसके लिए आज हड़ताल हो रही है।
