मुंबई में भगवान गणेश की विदाई के लिए 18,000 पुलिसकर्मी चप्पे-चप्पे पर तैनात

0
3-ganesh-chaturthi-celebration-2024-09-5d7579598546533e8b597539523b812d

मुंबई{ गहरी खोज }: महाराष्ट्र के मुंबई में शनिवार को होने वाले भगवान गणेश की सुरक्षित विदाई के लिए मुंबई पुलिस ने 18,000 पुलिसकर्मियों को चप्पे-चप्पे पर तैनात किया है। शहर में वाहनों में मानव बम की धमकी के मद्देनगर मुंबई पुलिस इस बार पहली दफा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल कर रही है। इसके साथ ही पुख्ता सुरक्षा के लिए विशेष नाकेबंदी, नियंत्रण कक्ष और आपातकालीन दल बनाए गए हैं।
मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त सत्यनारायण चौधरी ने बताया कि गणेशोत्सव को राज्य उत्सव घोषित किया गया है। मुंबई में 6500 सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल हैं और डेढ़ से दो लाख घरेलू गणेश प्रतिमाएँ हैं। 65 प्राकृतिक विसर्जन स्थल हैं। 205 कृत्रिम झीलें हैं। साथ ही विसर्जन मार्ग पर आने वाली सडक़ों को साफ़ कर दिया गया है। मुंबई में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं । शहर में गणपति विसर्जन के दौरान 12 अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, 40 डीसीपी, 61 एसीपी तैनात रहेंगे। इसके साथ ही 3000 अधिकारी और 18,000 पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे। इसके अलावा राज्य रिजर्व पुलिस बल की 14 टीमें, रैपिड एक्शन फोर्स की चार टीमें, दंगा नियंत्रण दल की तीन टीमें और बीडीडीएस को भी तैयार रखा गया है। विसर्जन पर 10000 सीसीटीवी कैमरों से नजऱ रखी जाएगी। ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। मुंबई पुलिस की सुरक्षा के लिए एआई का भी इस्तेमाल किया जाएगा। बिना अनुमति के ड्रोन उड़ाना प्रतिबंधित रहेगा। वर्तमान में वेष बदलकर पुलिस भी तैनात रहेगी। आतंकवाद विरोधी उपाय भी किए गए हैं।
मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) अनिल कुंभारे ने बताया कि यातायात के लिए योजना बनाई गई है। गिरगांव चौपाटी के साथ-साथ दादर चौपाटी, जुहू में यातायात व्यवस्था में बदलाव किए गए हैं। सुरक्षा के लिए 4 पुलिस उपायुक्त, 2826 यातायात पुलिसकर्मी और महाराष्ट्र सुरक्षा बल के जवान सडक़ों पर तैनात रहेंगे। सामाजिक संगठनों को भी शामिल किया जाएगा। एम्बुलेंस भी चरणबद्ध तरीके से तैनात की गई हैं। साथ ही मुंबई के 12 पुल खतरनाक हैं, जहाँ सावधानी बरतने की अपील की गई है। 52 भीड़-भाड़ वाली जगहों की पहचान की गई है और यातायात को नियंत्रित करने के लिए टावर लगाए गए हैं। इसके साथ समुद्र तट पर 520 सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं और तटरक्षक बल की भी मदद ली गई है।
उन्होंने बताया कि मुंबई पुलिस ने विसर्जन की पूरी तैयारी कर ली है। सडक़, चौपाटी और परिवहन की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। मंडल में बड़ी गणेश प्रतिमा और मंडल में घरेलू गणेश प्रतिमा के विसर्जन की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं और चौपाटी पर बीएसएम और स्वयंसेवक मौजूद रहेंगे। मुंबई पुलिस ने बताया कि हर जगह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मुंबई में 10 हज़ार कैमरे लगाए गए हैं। सभी विसर्जनों पर ड्रोन से भी नजऱ रखी जाएगी। पुलिस गश्ती वाहन मौजूद रहेंगे। नियंत्रण कक्ष भी तैयार है। मुंबई पुलिस ने सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही इस साल पहली बार मुंबई पुलिस ने सुरक्षा के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *