हॉकी एशिया कप : सुपर-4 के टॉप पर टीम इंडिया, 4-1 से रौंदी मलेशियाई टीम

राजगीर { गहरी खोज }:भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने गुरुवार को मलेशिया के खिलाफ सुपर-4 चरण के अपने दूसरे मुकाबले में 4-1 से जीत हासिल की। भारत के लिए मनप्रीत सिंह, सुखजीत, शिलानंद और विवेक सागर ने गोल किए, जबकि मैच का पहला गोल मलेशिया के शफीक हसन ने दागा। इस जीत के साथ भारत प्वॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर पहुंच गया है। भारत के सुपर-4 चरण में चार अंक हो गए हैं। राजगीर में खेले गए मुकाबले में पहले मिनट में शफीक हसन ने मलेशिया के लिए पहला गोल करके मैच में बढ़त बनाई। पहले क्वार्टर में सिर्फ एक गोल हुआ। दूसरे क्वार्टर में भारत के लिए मनप्रीत सिंह ने बराबरी का गोल दागा। भारत ने 17वें मिनट में पहला गोल किया। भारत को दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में लगातार पांच पेनल्टी कॉर्नर मिले थे और अंत में टीम ने एक को भुनाया। 19वें मिनट में सुखजीत सिंह ने गोल करके भारत को मैच में बढ़त दिलाई।
24वें मिनट में शिलानंद लाकरा ने गोल करके भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। पहला हाफ खत्म होने पर भारत 3-1 से आगे था। शुरुआती दो क्वार्टर में मलेशिया को कोई पेनल्टी कॉर्नर नहीं मिला। दूसरे हाफ में विवेक सागर प्रसाद ने 38वें मिनट में गोल करके भारत की बढ़त 4-1 कर दी। तीसरे क्वार्टर के खत्म होने पर भारत 4-1 से आगे रहा। आखिरी क्वार्टर में भारत ने अपनी बढ़त को बनाए रखा, जबकि मलेशिया की कोशिश असफल रही। बिहार के राजगीर स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स में खेला गया मैच बारिश के कारण 15 मिनट की देरी से शुरू हुआ। यह भारत के कप्तान हरमनप्रीत सिंह का 250वां हॉकी मैच था।