मराठा आरक्षण आंदोलन : सीएसएमटी पर उमड़े प्रदर्शनकारी, यातायात बाधित

मुंबई{ गहरी खोज }:आरक्षण की मांग कर रहे मराठा समुदाय के सैकड़ों लोग सोमवार को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) और दक्षिण मुंबई के अन्य इलाकों में उमड़ पड़े, जिससे यातायात बाधित हुआ और यात्रियों को असुविधा हुई। सीएसएमटी पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को आरक्षण की मांग के समर्थन में नाचते और नारे लगाते देखा गया, जिससे रेलवे स्टेशन पर भीड़ बढ़ गई। यह स्टेशन आजाद मैदान के पास स्थित है, जहां मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे शुक्रवार से आरक्षण के लिए भूख हड़ताल कर रहे हैं।
महापालिका मार्ग, जे जे मार्ग और डी एन रोड की ओर जाने वाली सड़क पर भी बड़ी संख्या में आंदोलनकारी एकत्रित हुए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ। आजाद मैदान क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था, लेकिन प्रदर्शनकारी सुरक्षाकर्मियों के निर्देशों का पालन करते नहीं दिखे।
प्रदर्शनकारियों के कुछ समूहों ने ‘बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज’ भवन परिसर में घुसने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा अधिकारियों ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने भवन के बाहर “एक मराठा लाख मराठा” और “आरक्षण आमच्या हक्का चे” जैसे नारे लगाए। कई प्रदर्शनकारियों ने सुबह सीएसएमटी परिसर के अंदर और आसपास तथा समीपस्थ बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) भवन के सामने विरोध प्रदर्शन किया।
ऑफिस जाने वाले रेल यात्रियों को प्लेटफार्म पर भीड़ के कारण असुविधा हुई। कुछ प्रदर्शनकारियों ने सुबह सीएसएमटी, बीएमसी क्षेत्रों के बाहर और मेट्रो थिएटर के पास सड़कों पर रास्ता रोककर बेस्ट बसों सहित अन्य वाहनों को रोकने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें तितर-बितर कर दिया।
जरांगे अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) श्रेणी के तहत सरकारी नौकरियों और शिक्षा में मराठा समुदाय को दस प्रतिशत आरक्षण देने की मांग को लेकर शुक्रवार से आजाद मैदान में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे हैं। उनके आंदोलन का समर्थन करने के लिए मराठा समुदाय के हजारों लोग देश की वित्तीय राजधानी में पहुंचे हैं। पुलिस ने रविवार को वाहन चालकों को दक्षिण मुंबई की ओर यातायात में व्यवधान के बारे में आगाह किया। मुंबई यातायात पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया, “आजाद मैदान में चल रहे आंदोलन के कारण सोमवार सुबह दक्षिण मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात धीमा और कभी-कभी बाधित रहने की संभावना है। यातायात में बाधा को कम करने के लिए चौराहों पर दिए गए निर्देशों का पालन करते रहें।”