अंतरिक्ष वैज्ञानिक के. कस्तूरीरंगन का निधन, मोदी ने जताया शोक

बेंगलुरु{ गहरी खोज }: प्रख्यात अंतरिक्ष वैज्ञानिक और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व अध्यक्ष डॉ. के. कस्तूरीरंगन का शुक्रवार को बेंगलुरु में निधन हो गया। वह 84 वर्ष के थे।
डॉ कस्तूरीरंगन ने आज सुबह 10:43 बजे अपने निवास पर अंतिम स्वास ली। परिवारिक सूत्रों के अनुसार उनके पार्थिव शरीर को रविवार को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आम दर्शन के लिए रमन रिसर्च इंस्टीट्यूट (आरआरआई) में रखा जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने डॉ. कस्तूरीरंगन के निधन पर गहरा दु:ख प्रकट करते हुए राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद किया है। उन्होंने महान वैज्ञानिक के परिवार, उनके विद्यार्थियों, वैज्ञानिक साथियों तथा अनगिनत प्रसंशकों के प्रति दुख की इस घड़ी में संवेदना व्यक्त की है।
श्री मोदी ने कहा, “भारत नयी शिक्षा नीति (एनईपी) का मसौदा तैयार करने में डॉ. कस्तूरीरंगन की भूमिका का सदैव ऋणी रहेगा। डॉ कस्तरीरंगन ने इस नीति में यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि देश में पढ़ाई-लिखाई अधिक समग्र तथा भविष्योन्मुखी हो। उन्होंने अनेक वैज्ञानिकों और अनुसंधानकर्ताओं का विलक्षण रूप से पथ-प्रदर्शन किया।”