कोंडागांव में किसान कांग्रेस ने पर्याप्त खाद, डीजल उपलब्धता काे लेकर सौंपा ज्ञापन

0
1b476cc6f331ba3cefc8c0df11697811

कोंडागांव{ गहरी खोज }: जिले में खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही खाद की कमी और किसानों की बढ़ती समस्याओं को लेकर किसान कांग्रेस ने कोंडागांव में विरोध प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ प्रदेश किसान कांग्रेस के निर्देश पर जिला किसान कांग्रेस ने मंगलवार को प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए किसानों की समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की। कांग्रेस का कहना है कि यदि समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं कराई गई तो किसानों की उत्पादन क्षमता पर सीधा असर पड़ेगा।
जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष हीरालाल नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है, लेकिन वर्तमान में किसान खाद के लिए भटकने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन के निर्देशानुसार किसानों को प्रति एकड़ केवल एक से दो बोरी खाद दी जा रही है, जो खेती की जरूरतों के लिए पर्याप्त नहीं है। किसान कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जिले में खाद की उपलब्धता बेहद सीमित है और कई स्थानों पर कालाबाजारी की शिकायतें भी मिल रही हैं। संगठन का कहना है कि किसानों को जरूरत के अनुसार खाद नहीं मिलने से खरीफ फसल की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं।
किसान कांग्रेस ने खेती-किसानी के कार्यों के लिए डीजल उपलब्ध कराने में आ रही दिक्कतों का मुद्दा भी उठाया। संगठन का कहना है कि जरीकन में डीजल नहीं मिलने से किसानों को बार-बार ट्रैक्टर लेकर पेट्रोल पंपों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे समय और संसाधनों दोनों की बर्बादी हो रही है। ज्ञापन में जिले के धान खरीदी केंद्रों में कथित अनियमितताओं और घोटालों की निष्पक्ष जांच की मांग भी की गई। किसान कांग्रेस ने दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग रखी है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में व्यापक आंदोलन और प्रदर्शन किए जाएंगे
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रितेश पटेल, प्रदेश किसान कांग्रेस महासचिव एवं कार्यक्रम प्रभारी गजेंद्र सिन्हा, जिला कांग्रेस कोषाध्यक्ष हरमोहन कोहली, प्रदेश सचिव सकुर खान सहित किसान कांग्रेस और कांग्रेस संगठन के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *