राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला: ‘जनता से कुर्बानी मांगना सरकार की नाकामी का सबूत’
नई दिल्ली{ गहरी खोज }:कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार अपनी आर्थिक और नीतिगत विफलताओं का बोझ आम जनता पर डाल रही है। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में जनता से सोना न खरीदने, विदेश यात्रा कम करने, पेट्रोल कम इस्तेमाल करने, फर्टिलाइजर और कुकिंग ऑयल की खपत घटाने, मेट्रो से यात्रा करने और घर से काम करने जैसी अपीलें कीं। कांग्रेस नेता ने इन सलाहों को “उपदेश नहीं, बल्कि सरकार की नाकामी के सबूत” बताया। उन्होंने कहा, “12 साल में देश को ऐसी स्थिति में पहुंचा दिया गया है कि अब जनता को बताया जा रहा है कि क्या खरीदना है, क्या नहीं खरीदना है, कहां जाना है और कहां नहीं जाना है।”
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि हर संकट और समस्या की जिम्मेदारी सरकार जनता पर डाल देती है ताकि खुद जवाबदेही से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि देश चलाना अब “समझौता करने वाले प्रधानमंत्री” के बस की बात नहीं रह गई है।
